बॉक्स ऑफिस पर नहीं चला बॉबी देओल का जादू, दो दिन में 2 करोड़ भी नहीं कमा सकी ‘बंदर’

KNEWS DESK – अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी फिल्म ‘बंदर’ को लेकर रिलीज से पहले काफी चर्चा थी। अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में सराहना मिलने और दमदार स्टारकास्ट होने के बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नाकाम साबित हो रही है। फिल्म की शुरुआती कमाई ने मेकर्स की चिंता बढ़ा दी है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बॉबी देओल स्टारर इस फिल्म ने पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर महज 50 लाख रुपये का कारोबार किया। दूसरे दिन कमाई में कुछ सुधार जरूर देखने को मिला, लेकिन इसके बावजूद फिल्म एक करोड़ रुपये का आंकड़ा पार नहीं कर सकी। दूसरे दिन फिल्म ने करीब 95 लाख रुपये का कलेक्शन किया।

दो दिनों में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन लगभग 1.45 करोड़ रुपये पहुंचा है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन करीब 1.74 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। ऐसे में फिल्म अभी तक 2 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी नहीं छू पाई है, जो किसी भी बड़ी रिलीज के लिए निराशाजनक माना जा रहा है।

बताया जा रहा है कि फिल्म का बजट लगभग 25 करोड़ रुपये है। ऐसे में शुरुआती दो दिनों की कमाई बजट के मुकाबले बेहद कमजोर दिखाई दे रही है। फिल्म इंडस्ट्री में पहले वीकेंड को किसी भी फिल्म के लिए बेहद अहम माना जाता है, क्योंकि इसी दौरान उसकी आगे की कमाई की दिशा तय होती है। ऐसे में अब सभी की नजरें रविवार के कलेक्शन पर टिकी हैं।

फिल्म में बॉबी देओल के अलावा सबा आजाद और सान्या मल्होत्रा भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। हालांकि मजबूत कलाकारों की मौजूदगी भी फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर फायदा नहीं दिला पा रही है।

‘बंदर’ को इस समय बॉक्स ऑफिस पर कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। एक तरफ ‘पेद्दी’ और दूसरी ओर ‘है जवानी तो इश्क होना है’ जैसी फिल्में दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स हासिल कर रही हैं। ऐसे में अनुराग कश्यप की इस फिल्म के लिए टिकट खिड़की पर टिके रहना बड़ी चुनौती बन गया है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि वीकेंड के आखिरी दिन फिल्म कितनी रफ्तार पकड़ती है और क्या आने वाले दिनों में सकारात्मक वर्ड ऑफ माउथ इसकी कमाई को नया सहारा दे पाता है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *