CJP का विरोध प्रदर्शन खत्म, अभिजीत दीपके जंतर-मंतर से निकले

Knews Desk- दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का बड़ा विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसमें पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके अपने समर्थकों के साथ शामिल हुए। प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा देश की शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाना था। दिल्ली पुलिस ने सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रदर्शन की अनुमति दी थी।

प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने के लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने मंच से मांग की कि शिक्षा मंत्री शाम 5 बजे तक इस्तीफा दें। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और देशभर में इसे विस्तार दिया जाएगा। अपने संबोधन में अभिजीत ने कहा कि वर्षों से लोगों का ध्यान असली मुद्दों से भटकाया गया है, जबकि युवाओं को रोजगार और बेहतर शिक्षा की जरूरत है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से एकजुट रहने और शिक्षा सुधार की मांग को मजबूत करने की अपील की।

प्रदर्शन में सामाजिक कार्यकर्ता Sonam Wangchuk भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि केवल किसी मंत्री के इस्तीफे से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि पूरी शिक्षा प्रणाली में सुधार की आवश्यकता है। वांगचुक ने सुझाव दिया कि सरकारी व्यवस्था को जवाबदेह बनाने के लिए नेताओं और सरकारी अधिकारियों के बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ाने जैसे कदमों पर विचार होना चाहिए। इस दौरान कुछ छात्र संगठनों और विभिन्न समूहों ने भी प्रदर्शन का समर्थन किया। वहीं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात रहे। संभावित विवाद को देखते हुए पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में भी लिया।

शाम होते-होते प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हो गया और सुरक्षा बलों ने जंतर-मंतर क्षेत्र को खाली करा दिया। हालांकि, अभिजीत दीपके ने संकेत दिया है कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन का अगला चरण शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *