KNEWS DESK- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए उन्हें अपना करीबी मित्र बताया है। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है और दोनों देशों के बीच जल्द ही एक महत्वपूर्ण डील होने की उम्मीद है।
ट्रंप ने कहा, “मुझे प्रधानमंत्री मोदी बहुत पसंद हैं। वह मेरे अच्छे दोस्त हैं और हमारे संबंध बेहद मजबूत हैं। मुझे विश्वास है कि भारत और अमेरिका जल्द ही व्यापार समझौते को अंतिम रूप देंगे।”हालांकि, ट्रंप ने भारत की टैरिफ नीति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि भारत लंबे समय से अमेरिकी कंपनियों पर ऊंचे आयात शुल्क लगाता रहा है, जबकि अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर अपेक्षाकृत कम शुल्क लगाया है। उन्होंने संकेत दिया कि प्रस्तावित व्यापार समझौते में इन मुद्दों पर भी चर्चा की जा रही है।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को लेकर वार्ता तेज हो गई है। हाल ही में एक अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल भारत दौरे पर आया था, जहां दोनों देशों के अधिकारियों के बीच चार दिनों तक विस्तृत चर्चा हुई। गुरुवार को समाप्त हुई इस वार्ता को दोनों पक्षों ने सकारात्मक बताया।
भारत के वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, बातचीत रचनात्मक माहौल में हुई और दोनों देशों ने ऐसे समझौते की दिशा में काम करने पर जोर दिया जिससे दोनों अर्थव्यवस्थाओं को लाभ मिल सके। मंत्रालय ने कहा कि भारत और अमेरिका व्यापार एवं आर्थिक सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इस बीच, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने भी प्रधानमंत्री मोदी और भारत की वैश्विक भूमिका की प्रशंसा की है। पुतिन ने कहा कि भारत पर किसी भी प्रकार का बाहरी दबाव न केवल द्विपक्षीय संबंधों बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्थिरता के लिए भी नुकसानदायक हो सकता है। उन्होंने भारत को दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक बताते हुए उसकी मजबूत आर्थिक विकास दर की सराहना की।
पुतिन ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भारत और रूस के बीच द्विपक्षीय व्यापार 100 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि रूस भारत को एक भरोसेमंद और महत्वपूर्ण साझेदार मानता है तथा भारत के अन्य देशों के साथ संबंधों को लेकर उसे कोई चिंता नहीं है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की बढ़ती भूमिका और प्रमुख वैश्विक नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री मोदी की लगातार हो रही प्रशंसा यह संकेत देती है कि भारत वैश्विक राजनीति और अर्थव्यवस्था में अपनी स्थिति को और मजबूत कर रहा है।