दिल्ली अग्निकांड: धधकते होटल को छोड़कर भागा मालिक, मालवीय नगर अग्निकांड में बड़ा खुलासा

KNEWS DESK- दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज रानी इलाके में बुधवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। फ्लोरिश स्टे बी एंड बी होटल में सुबह करीब 8:30 बजे अचानक आग लग गई, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पांच मंजिला इमारत पूरी तरह लपटों की चपेट में आ गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

घटना के बाद पुलिस ने होटल के मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने कई अहम बातें स्वीकार की हैं। लवकेश ने बताया कि वह होटल के रोज़मर्रा के संचालन में सक्रिय रूप से शामिल नहीं था और उसने यह जिम्मेदारी किसी अन्य व्यक्ति को सौंप रखी थी। उसने यह भी कहा कि हादसे के समय वह उसी इलाके से गुजर रहा था, लेकिन आग देखकर मौके पर नहीं रुका और डर तथा घबराहट के कारण वहां से चला गया।

पुलिस के अनुसार, लवकेश ने यह भी बताया कि उसने लगभग तीन साल पहले यह इमारत खरीदी थी, जो उस समय काफी जर्जर हालत में थी। बाद में इसे बेड एंड ब्रेकफास्ट (BNB) और टूरिस्ट सुविधा के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। हालांकि जांच में सामने आया है कि होटल में नियमों का गंभीर उल्लंघन किया गया था।

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली सरकार की B&B नीति के तहत केवल छह कमरों की अनुमति थी, जबकि इस भवन में 25 कमरे बनाए गए थे। इसके अलावा इमारत में अवैध रूप से अतिरिक्त मंजिलें भी बनाई गई थीं। भवन की ऊंचाई 15 मीटर से अधिक होने के कारण यहां फायर एनओसी अनिवार्य थी, जो उपलब्ध नहीं थी।

पुलिस ने होटल मालिक और उसके सहयोगियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। एफआईआर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज की गई है। पुलिस अब अन्य जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

फिलहाल दमकल विभाग, पुलिस और अन्य एजेंसियां आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हैं। हादसे के दौरान कई लोगों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की, जिससे मौके पर भयावह दृश्य देखने को मिले। प्रशासन ने मामले की गहन जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *