KNEWS DESK- बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘कॉकटेल 2’ इन दिनों चर्चा में बनी हुई है। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ, जिसे दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला। फिल्म में शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। तीनों सितारे पहली बार एक साथ स्क्रीन शेयर कर रहे हैं।
ट्रेलर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म की कहानी को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोगों ने दावा किया कि फिल्म में रश्मिका मंदाना और कृति सेनन के बीच लेस्बियन रोमांस दिखाया गया है। यह चर्चा तेजी से वायरल होने लगी, जिसके बाद फिल्म के मेकर्स को सामने आकर सफाई देनी पड़ी।
फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में निर्माता दिनेश विजान और निर्देशक होमी अदजानिया ने इन अफवाहों को पूरी तरह गलत बताया। दिनेश विजान ने साफ कहा कि फिल्म में ऐसा कोई एंगल नहीं है। उन्होंने बताया कि ‘कॉकटेल 2’ की कहानी प्यार, रिश्तों और भावनाओं के इर्द-गिर्द घूमती है।
वहीं निर्देशक होमी अदजानिया ने कहा कि लोगों ने कुछ तस्वीरों और कलाकारों की दोस्ती को देखकर अपनी तरफ से कहानी बना ली। उन्होंने कहा कि रश्मिका और कृति अच्छी दोस्त हैं और अक्सर साथ नजर आती हैं, इसी वजह से ऐसी बातें फैलने लगीं।
इवेंट के दौरान रश्मिका मंदाना और कृति सेनन ने भी इस मुद्दे पर मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी। दोनों ने कहा कि उन्हें पता है कि ऐसी बातें कहां से शुरू हुईं, लेकिन फिल्म की कहानी उससे बिल्कुल अलग है।
शाहिद कपूर ने भी हंसते हुए कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि ये खबरें कहां से आ रही हैं। उन्होंने दर्शकों से फिल्म देखने के बाद खुद फैसला करने की अपील की।
बता दें कि ‘कॉकटेल 2’ साल 2012 में आई सुपरहिट फिल्म ‘कॉकटेल’ का सीक्वल है। पहली फिल्म में दीपिका पादुकोण, सैफ अली खान और डायना पेंटी मुख्य भूमिकाओं में थे। अब दर्शकों को उम्मीद है कि दूसरा भाग भी उतना ही मनोरंजन करेगा। यह फिल्म 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।