Knews Desk– भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच में एक नया मोड़ सामने आया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) द्वारा ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह को 29 मई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई थी। दोनों को पांच दिन की रिमांड पर लिया गया था, जो 2 जून को समाप्त हो गई। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद सीबीआई ने अदालत से उनकी आगे की रिमांड नहीं मांगी।
सोमवार को दोनों को अदालत में पेश किया गया। इस दौरान गिरिबाला सिंह ने खुद अपना पक्ष रखा और कई महत्वपूर्ण बातें कोर्ट के सामने रखीं। उन्होंने कहा कि उनके घर के सीसीटीवी फुटेज मीडिया तक कैसे पहुंचे, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि ट्विशा पक्ष के वकील अनुराग श्रीवास्तव ने जबलपुर हाईकोर्ट परिसर में उनके बेटे समर्थ सिंह के साथ मारपीट की थी।
कोर्ट में गिरिबाला सिंह ने मीडिया ट्रायल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच प्रभावित हो रही है और जहां भी वे जाती हैं, मीडिया उनका पीछा करती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान सीबीआई ने उन्हें उनके घर से कुछ दूरी पहले ही उतार दिया, जिससे मीडिया को फुटेज मिल सके। उन्होंने पूछा कि जब सीधे घर तक ले जाया जा सकता था, तो ऐसा क्यों किया गया।
गौरतलब है कि रिमांड समाप्त होने से एक दिन पहले, 1 जून को सीबीआई दोनों आरोपियों को लेकर उनके घर पहुंची थी। यहां जांच एजेंसी ने पूरे घटनाक्रम का रीक्रिएशन कराया। यह समझने की कोशिश की गई कि ट्विशा को फंदे से किस तरह नीचे उतारा गया था। इस प्रक्रिया में ट्विशा के वजन के बराबर लगभग 80 किलो का डमी पुतला इस्तेमाल किया गया, ताकि घटना की परिस्थितियों का सटीक आकलन किया जा सके। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सीबीआई जुटाए गए साक्ष्यों व पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।