KNEWS DESK – तमिल फिल्म इंडस्ट्री की अभिनेत्री और पूर्व नर्स मैरी जुलियाना उर्फ जूली ने अभिनेता से राजनेता बने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय और उनकी पार्टी के समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जूली का दावा है कि लंबे समय से सोशल मीडिया पर चल रही कथित ट्रोलिंग और मानसिक उत्पीड़न के कारण उन्हें गहरा मानसिक आघात पहुंचा, जिसकी वजह से उन्होंने अपना पहला बच्चा खो दिया।
चेन्नई में मीडिया से बातचीत के दौरान जूली ने कहा कि उन्होंने इस मामले में सबसे पहले मार्च महीने में पुलिस से शिकायत की थी। उनकी शिकायत में कुछ लोगों पर सोशल मीडिया के जरिए लगातार अपमानजनक और भ्रामक अभियान चलाने का आरोप लगाया गया था। हालांकि बाद में उन्हें जानकारी दी गई कि मामला आपराधिक नहीं बल्कि दीवानी प्रकृति का माना गया है।
जूली के अनुसार, शिकायत के बाद भी उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर कई तरह के आरोप लगाए जाते रहे। उन्होंने दावा किया कि उन्हें एक कथित घोटाले से जोड़कर बदनाम करने की कोशिश की गई और इस पूरी प्रक्रिया ने उनके मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाला।
अभिनेत्री ने बताया कि हाल ही में उनकी शादी हुई थी और वह अपने पहले बच्चे का इंतजार कर रही थीं। लेकिन लगातार तनाव और मानसिक दबाव के कारण उन्हें अपूरणीय क्षति उठानी पड़ी। उन्होंने कहा कि वह इस घटना को सहानुभूति हासिल करने के लिए नहीं उठा रहीं, बल्कि उन परिस्थितियों की ओर ध्यान आकर्षित करना चाहती हैं जिनका सामना उन्हें करना पड़ा।
जूली ने आरोप लगाया कि जब भी कोई महिला विजय या उनकी पार्टी के खिलाफ कोई टिप्पणी करती है, तो उसे सोशल मीडिया पर निशाना बनाया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है क्योंकि जिन लोगों के खिलाफ उन्होंने नामजद शिकायत की है, वे कथित तौर पर राजनीतिक रूप से प्रभावशाली समूहों से जुड़े हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री विजय से भी सवाल किया और कहा कि सार्वजनिक जीवन में आने वाले नेताओं की जिम्मेदारी केवल राजनीति तक सीमित नहीं होती, बल्कि अपने समर्थकों को संयमित रखने की भी होती है। जूली का कहना है कि यदि समय रहते ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाई जाती, तो शायद उन्हें यह दर्द न झेलना पड़ता।
फिलहाल इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री विजय या उनकी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं जूली की शिकायत और आरोपों को लेकर राजनीतिक और फिल्मी गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।