KNEWS DESK- गाजियाबाद के सूर्या प्रताप हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। मामले में पुलिस ने एनकाउंटर में मारे गए मुख्य आरोपी असद के पिता नवाब सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में फरहान और आतिफ भी शामिल हैं, जिनकी उम्र 19 साल बताई जा रही है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी फरहान ने कई अहम बातें स्वीकार की हैं। उसके अनुसार, 28 मई (बकरीद के दिन) दोपहर करीब 3 बजे सूर्या और असद के बीच बाइक चलाने को लेकर विवाद हुआ था। इस झगड़े के बाद असद ने यह बात अपने पिता नवाब और दोस्तों को बताई। इसके बाद सभी ने मिलकर सूर्या को सबक सिखाने की साजिश रची और उसे करीब आधे घंटे बाद नवनीत विहार गली में घेर लिया गया।
फरहान के बयान के मुताबिक, उसी दौरान उसने असद को चाकू उपलब्ध कराया। वहीं मौके पर मौजूद असद के पिता नवाब ने कथित तौर पर अपने बेटे को उकसाते हुए कहा— “आज इसकी कहानी खत्म कर दो।” इसके बाद असद ने सूर्या प्रताप पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
गंभीर रूप से घायल सूर्या को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश फैल गया था।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से फरार चल रहे असद पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान मुठभेड़ में असद ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस ने नवाब, फरहान और आतिफ को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस हत्याकांड में शामिल हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही चार्जशीट दाखिल की जाएगी।