KNEWS DESK- पश्चिम बंगाल में आज राज्य मंत्रिमंडल के बड़े विस्तार की तैयारी है। इस विस्तार के तहत कुल 35 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 11 बजे राजभवन में आयोजित किया जाएगा, जहां राज्यपाल आर. एन. रवि नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
सूत्रों के मुताबिक, इस बार का कैबिनेट विस्तार काफी व्यापक माना जा रहा है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के कई विधायकों को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। संभावित मंत्रियों की सूची में कई चर्चित नाम शामिल हैं, जिनमें पूर्व सांसद और अभिनेता रूपा गांगुली, पूर्व क्रिकेटर अशोक डिंडा और विधायक तपस रॉय का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है।
सूत्रों के अनुसार जिन विधायकों को मंत्री पद मिल सकता है, उनमें सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष, तुफानगंज की मालती राव रॉय, कुमारग्राम के मनोज उरांव, कालचीनी के बिशाल लामा, फालाकाटा के दीपक बर्मन, माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी के आनंदमय बर्मन और मानिकतला के तपस रॉय शामिल हैं।
इसके अलावा बिधाननगर के शरद्वात मुखर्जी, श्यामपुकुर की पूर्णिमा चक्रवर्ती, बेहाला पश्चिम के इंद्रनील खान, सिउरी के जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, हावड़ा उत्तर के उमेश राय, मोयना के अशोक डिंडा, नोआपाड़ा के अर्जुन सिंह, नैहाटी की सुमित्रा चट्टोपाध्याय, बालागढ़ की सुमना सरकार, मुर्शिदाबाद के गौरीशंकर घोष, सोनारपुर दक्षिण की रूपा गंगोपाध्याय और कांडी की गार्गी दास घोष के नाम भी संभावित सूची में शामिल बताए जा रहे हैं।
इस बड़े विस्तार को लेकर राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि यह कदम संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति को ध्यान में रखते हुए उठाया जा रहा है हालांकि, अंतिम सूची शपथ ग्रहण समारोह के दौरान ही स्पष्ट होगी कि किन-किन विधायकों को वास्तव में मंत्रिमंडल में जगह मिलती है।