सिर्फ इंदौरी नहीं, पोहा के ये 4 स्वाद भी हैं जबरदस्त! गर्मियों में दही पोहा जरूर करें ट्राई

KNEWS DESK- पोहा भारतीय घरों में सबसे पसंद किए जाने वाले नाश्तों में से एक है। हल्का, पौष्टिक और जल्दी बनने वाला यह व्यंजन हर उम्र के लोगों को पसंद आता है। आमतौर पर लोग इंदौरी पोहा खाना पसंद करते हैं, लेकिन देश के अलग-अलग हिस्सों में इसे कई अनोखे तरीकों से बनाया जाता है। कहीं इसमें नारियल का स्वाद मिलता है तो कहीं दही का ठंडा और ताजगी भरा ट्विस्ट।

अगर आप रोजाना एक जैसा पोहा खाकर बोर हो चुके हैं, तो इस बार इन चार खास रेसिपीज को जरूर ट्राई करें।

दही पोहा

गर्मी के मौसम में दही पोहा शरीर को ठंडक देने के साथ पाचन के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। इसे बनाने के लिए पोहा को धोकर नरम कर लें। अब इसमें फेंटा हुआ दही, सफेद नमक, काला नमक और बारीक कटी हरी मिर्च मिलाएं। ऊपर से राई, करी पत्ता, मूंगफली और हींग का तड़का लगाएं। हरे धनिये से सजाकर सर्व करें।

दादपे पोहा

महाराष्ट्र में दादपे पोहा काफी लोकप्रिय है। इसमें पतले पोहे को हल्का भिगोकर कद्दूकस नारियल, प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, नींबू का रस और थोड़ी चीनी के साथ मिलाया जाता है। ऊपर से राई, जीरा, करी पत्ता और मूंगफली का तड़का डालकर इसका स्वाद कई गुना बढ़ा दिया जाता है।

वेजिटेबल पोहा

अगर आप अपने नाश्ते में ज्यादा पोषण चाहते हैं तो वेजिटेबल पोहा बेहतरीन विकल्प है। इसमें गाजर, मटर, शिमला मिर्च, बीन्स और आलू जैसी सब्जियां डाली जाती हैं। सब्जियों को हल्का भूनने के बाद पोहा मिलाया जाता है। ऊपर से भुनी हुई मूंगफली डालने से इसका स्वाद और क्रंच दोनों बढ़ जाते हैं।

बनारसी चूड़ा-मटर

वाराणसी में पोहा को चूड़ा-मटर के नाम से जाना जाता है। इस रेसिपी में हरी मटर, अदरक, हरी मिर्च और काजू का खास इस्तेमाल होता है। हल्के मसालों और नींबू के रस के साथ तैयार यह पोहा स्वाद में बेहद लाजवाब लगता है। सर्दियों में तो इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है, लेकिन इसे सालभर पसंद किया जाता है।

क्यों है पोहा एक परफेक्ट ब्रेकफास्ट?

पोहा कार्बोहाइड्रेट, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत माना जाता है। यह जल्दी पच जाता है और लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करता है। अलग-अलग सामग्री मिलाकर इसे और भी हेल्दी बनाया जा सकता है। अगर आप अपने नाश्ते में रोज कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो इन चार तरह के पोहा को अपनी रसोई में जरूर जगह दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *