मैं अच्छी बेटी नहीं बन सकी… IPS अधिकारी की बेटी का सुसाइड नोट पढ़ नम हुई आंखें

Knews Desk- मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक वरिष्ठ IPS अधिकारी की नाबालिग बेटी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि छात्रा का शव उसके कमरे में मिला, जिसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है।

सबसे भावुक करने वाली बात यह रही कि मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। नोट में लड़की ने लिखा, “मैं अच्छी बेटी नहीं बन सकी, मुझे माफ कर दीजिए।” यह लाइन पढ़कर परिवार और जांच अधिकारियों की आंखें नम हो गईं। शुरुआती जांच में पुलिस इसे मानसिक तनाव से जुड़ा मामला मान रही है, हालांकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह का अभी खुलासा नहीं हुआ है। जानकारी के मुताबिक, नाबालिग लड़की पढ़ाई में अच्छी थी और परिवार के साथ भोपाल में रहती थी। घटना वाले दिन वह अपने कमरे में थी। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिवार के लोगों ने दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग की भी जांच कराई जाएगी। साथ ही लड़की के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल डिवाइस की भी जांच की जा रही है, ताकि किसी तरह के दबाव या मानसिक परेशानी के कारणों का पता लगाया जा सके।

इस घटना ने एक बार फिर बच्चों और किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि परिवार और समाज को बच्चों की भावनात्मक स्थिति पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *