महाराष्ट्र में गर्मी का कहर! पानी की कमी से 500 से ज्यादा चमगादड़ों की मौत

Knews Desk– महाराष्ट्र के गडचिरोली जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां भीषण गर्मी और पानी की भारी कमी के कारण 500 से ज्यादा चमगादड़ों की मौत हो गई। घटना सिरोंचा तालुका की बताई जा रही है, जहां पेड़ों के नीचे बड़ी संख्या में मृत चमगादड़ मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक इलाके में तापमान करीब 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे इंसानों के साथ-साथ वन्यजीव भी बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से इलाके में पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। तेज गर्मी और जलस्रोत सूखने की वजह से चमगादड़ों को पीने के लिए पानी नहीं मिल पा रहा था। माना जा रहा है कि डिहाइड्रेशन और अत्यधिक गर्मी की वजह से इन चमगादड़ों की मौत हुई है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन और वन विभाग को पहले से ही इलाके में वन्यजीवों के लिए पानी की व्यवस्था करनी चाहिए थी। लोगों ने मांग की है कि जंगलों और आसपास के क्षेत्रों में तुरंत पानी के टैंकर और कृत्रिम जलस्रोत उपलब्ध कराए जाएं ताकि अन्य वन्यजीवों की जान बचाई जा सके। फिलहाल वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। वहीं इस घटना ने भीषण गर्मी और जल संकट के गंभीर असर को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *