पहली मुलाकात से फरारी तक… ट्विशा केस में समर्थ सिंह से SIT के 20 तीखे सवाल

Knews Desk– भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में SIT लगातार जांच में जुटी हुई है, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ कोई ठोस जवाब नहीं लग पाया है। आरोपी पति समर्थ सिंह पुलिस हिरासत में है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। हालांकि जांच अधिकारियों का कहना है कि समर्थ सवालों के सीधे जवाब नहीं दे रहा और कई बातों पर गोलमोल जवाब देकर जांच को उलझाने की कोशिश कर रहा है।

SIT इस केस की हर कड़ी जोड़ने में लगी है। जांच टीम ट्विशा और समर्थ के रिश्ते, शादीशुदा जिंदगी, परिवार के बीच तनाव और मौत वाले दिन की पूरी टाइमलाइन समझने की कोशिश कर रही है। सबसे बड़ा सवाल यह भी है कि घटना के बाद समर्थ करीब 10 दिनों तक कहां छिपा रहा और किसने उसकी मदद की।

रिश्ते और परिवार को लेकर सवाल

SIT ने समर्थ सिंह से कई अहम सवाल पूछे हैं, जिनमें शामिल हैं:

  • आप और ट्विशा पहली बार एक-दूसरे के संपर्क में कैसे आए?
  • आपका और ट्विशा का विवाह कब हुआ था?
  • शादी के बाद आप दोनों के संबंध कैसे थे?
  • आपकी मां गिरिबाला और ट्विशा के बीच रिश्ते कैसे थे?
  • क्या आपकी मां ने कभी कहा था कि वो ट्विशा को पसंद नहीं करतीं?
  • क्या ट्विशा ने कभी परिवार की प्रताड़ना का जिक्र आपसे किया था?
  • क्या आपको पता था कि ट्विशा अपने परिवार को रिश्तों में तनाव की बात बताती थी?
  • परिवार द्वारा दिखाए गए चैट्स में लगाए गए प्रताड़ना के आरोपों की जानकारी आपको थी?

मौत वाली रात पर SIT का फोकस

जांच टीम ने 12 मई की रात को लेकर भी कई सवाल किए हैं। पुलिस जानना चाहती है कि उस रात आखिर क्या हुआ था।

  • 12 मई को आप कहां थे?
  • ट्विशा की मौत की जानकारी आपको पहली बार कब मिली?
  • क्या 12 मई की रात आप दोनों के बीच कोई विवाद या बहस हुई थी?
  • जब ट्विशा को आपकी जरूरत थी, तब आप उसे अकेला छोड़कर क्यों चले गए?

फरारी के 10 दिनों को लेकर पूछताछ

SIT की जांच का सबसे बड़ा हिस्सा समर्थ की फरारी से जुड़ा हुआ है।

  • पिछले 10 दिनों में आप कहां-कहां रहे?
  • फरारी के दौरान आप किन-किन लोगों के संपर्क में थे?
  • इन 10 दिनों में आप किसके साथ रह रहे थे?
  • क्या फरारी के दौरान आप अपनी मां गिरिबाला के संपर्क में थे?
  • अगर आपको पता था कि पुलिस आपकी तलाश कर रही है, तो आप कहां छिपे हुए थे?
  • क्या आप भोपाल में थे या शहर से बाहर चले गए थे?
  • आपको शरण किसने दी और आप कहां ठहरे हुए थे?

पैसों के लेनदेन पर भी सवाल

SIT ने आर्थिक लेनदेन को लेकर भी पूछताछ की है।

  • आप ट्विशा को हर महीने कितने पैसे देते थे?
  • ट्विशा के अकाउंट में 7 लाख रुपये ट्रांसफर करने की वजह क्या थी?

जांच एजेंसियों का मानना है कि इन सवालों के जवाब से पूरे केस की तस्वीर साफ हो सकती है। फिलहाल SIT मोबाइल चैट, कॉल रिकॉर्ड, CCTV फुटेज और डिजिटल सबूतों के जरिए मामले की हर परत खोलने में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *