SSC GD 2026 परीक्षा शेड्यूल बदला, 28 मई की जगह अब इस दिन होगा एग्जाम, जल्द डाउनलोड करें नया एडमिट कार्ड

KNEWS DESK- कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने एसएससी जीडी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। आयोग ने परीक्षा शेड्यूल में बदलाव करते हुए 28 मई 2026 को आयोजित होने वाली परीक्षा को अब 27 मई 2026 को कराने का फैसला लिया है। ऐसे में जिन अभ्यर्थियों का एग्जाम 28 मई को निर्धारित था, उन्हें अब नई तारीख के अनुसार तैयारी करनी होगी।

सरकारी अवकाश में बदलाव के कारण लिया गया निर्णय

एसएससी की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक यह फैसला केंद्र सरकार द्वारा बकरीद (ईद-उल-जुहा) की छुट्टी की तारीख में बदलाव किए जाने के बाद लिया गया है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoP&T) ने संशोधित अवकाश सूची जारी की थी, जिसके बाद आयोग ने परीक्षा तिथि बदलने का फैसला किया।

आयोग का कहना है कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, ट्रैफिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए यह बदलाव जरूरी था।

किन उम्मीदवारों पर लागू होगा नया शेड्यूल?

यह बदलाव CAPFs में कांस्टेबल (GD), SSF और असम राइफल्स में राइफलमैन (GD) भर्ती परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों पर लागू होगा। SSC GD भर्ती परीक्षा 27 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है और 30 मई 2026 तक आयोजित की जा रही है।

हालांकि, केवल 28 मई की परीक्षा की तारीख बदली गई है। बाकी सभी परीक्षाएं पहले तय शेड्यूल के अनुसार ही होंगी।

जल्द जारी होंगे नए एडमिट कार्ड

आयोग ने बताया कि संशोधित परीक्षा तिथि के अनुसार नए एडमिट कार्ड जल्द जारी किए जाएंगे। उम्मीदवार परीक्षा से 2-3 दिन पहले SSC की आधिकारिक वेबसाइट से अपना हॉल टिकट डाउनलोड कर सकेंगे।

एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए अभ्यर्थियों को अपनी लॉगिन आईडी और पासवर्ड की जरूरत होगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें ताकि अंतिम समय में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

सोशल मीडिया अफवाहों से बचने की सलाह

एसएससी ने अभ्यर्थियों को फर्जी खबरों और सोशल मीडिया पर वायरल हो रही गलत सूचनाओं से सावधान रहने को कहा है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा से जुड़ी हर आधिकारिक जानकारी केवल SSC की आधिकारिक वेबसाइट पर ही जारी की जाएगी। ऐसे में उम्मीदवार किसी भी अनऑफिशियल सूचना पर भरोसा न करें और नियमित रूप से SSC की वेबसाइट चेक करते रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *