भारतीय एथलेटिक्स पर डोपिंग का दाग, बनवीर सिंह पर 7 साल का बैन

Knews Desk– भारतीय एथलेटिक्स में डोपिंग का मामला एक बार फिर चर्चा में है। डिस्कस थ्रो खिलाड़ी Banvir Singh पर नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (NADA) की अपील पैनल ने बड़ा एक्शन लेते हुए 7 साल का प्रतिबंध लगा दिया है। वहीं लंबी दूरी के धावक Harendra Kumar को दूसरी बार 4 साल के लिए निलंबित किया गया है।

जानकारी के मुताबिक बनवीर सिंह पहले ही डोप टेस्ट में फेल होने के कारण 5 साल की सजा भुगत रहे थे। उन पर प्रतिबंधित स्टेरॉयड ‘मेथांडियनोन’ के सेवन का आरोप था। इसके अलावा 12 महीनों के भीतर तीन बार ‘वेयरअबाउट्स फेलियर’ यानी अपनी लोकेशन संबंधी जानकारी समय पर नहीं देने के कारण भी कार्रवाई हुई थी। अब NADA की अपील पैनल ने उनकी सजा में दो साल और जोड़ दिए हैं, जिससे कुल प्रतिबंध अवधि 7 साल हो गई है।

37 वर्षीय बनवीर सिंह भारतीय एथलेटिक्स में ज्यादा बड़ी उपलब्धियां हासिल नहीं कर सके थे। उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि 2022 में भुवनेश्वर में आयोजित इंडियन ग्रां प्री में दूसरा स्थान हासिल करना रहा। हालांकि डोपिंग विवाद ने उनके करियर पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

वहीं दूसरी ओर लंबी दूरी के धावक हरेंद्र कुमार को दूसरी बार 4 साल के लिए सस्पेंड किया गया है। इससे पहले भी वह प्रतिबंधित पदार्थ ‘डार्बेपोएटिन’ के सेवन के मामले में 2022 से निलंबन झेल रहे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक निलंबन के बावजूद उन्होंने एक मैराथन प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था, जिसके बाद उनके खिलाफ दोबारा कार्रवाई की गई।

भारतीय खेलों में डोपिंग के लगातार सामने आ रहे मामलों ने खेल प्रशासन और खिलाड़ियों दोनों की चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि खिलाड़ियों को बेहतर जागरूकता और सख्त निगरानी की जरूरत है, ताकि देश की खेल छवि को नुकसान न पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *