Knews Desk– पश्चिम बंगाल की चर्चित फलता विधानसभा सीट पर गुरुवार को दोबारा मतदान जारी है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग में लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। चुनाव आयोग के मुताबिक सुबह 9 बजे तक 20.47 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। फलता सीट के सभी 285 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और हर बूथ पर केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है।
दरअसल, इस सीट पर 29 अप्रैल को मतदान होना था, लेकिन वोटिंग के दौरान धांधली और हिंसा की शिकायतों के बाद चुनाव आयोग ने चुनाव रद्द कर दिया था। इसके बाद आयोग ने यहां दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया। अब 24 मई को इस सीट के नतीजे घोषित किए जाएंगे।
फलता विधानसभा सीट दक्षिण 24 परगना जिले में आती है और इसे लंबे समय से तृणमूल कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। हालांकि इस बार चुनाव बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया, जब मतदान से ठीक 48 घंटे पहले TMC उम्मीदवार Jahangir Khan ने अपना नाम वापस लेने का ऐलान कर दिया। उनके हटने के बाद मुकाबला मुख्य रूप से बीजेपी के Debangshu Panda और कांग्रेस उम्मीदवार Abdur Razzak Molla के बीच माना जा रहा है।
फलता सीट पर CPI(M) के शंभुनाथ कुर्मी के अलावा निर्दलीय उम्मीदवार दीप हाटी और चंद्रकांत राय भी मैदान में हैं। हालांकि राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मुख्य लड़ाई बीजेपी और कांग्रेस के बीच सिमट गई है। बीजेपी ने इस सीट पर कभी जीत दर्ज नहीं की है, लेकिन जहांगीर खान के मैदान से हटने के बाद पार्टी की संभावनाएं काफी मजबूत मानी जा रही हैं।
चुनाव के दौरान जहांगीर खान लगातार सुर्खियों में रहे थे। उन्होंने IPS अधिकारी अजय पाल शर्मा को लेकर खुद की तुलना फिल्म ‘पुष्पा’ से की थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।
अगर बीजेपी उम्मीदवार देबांग्शु पांडा यहां जीत हासिल करते हैं, तो पश्चिम बंगाल विधानसभा में बीजेपी की कुल सीटें बढ़कर 208 हो जाएंगी। वहीं, इसे तृणमूल कांग्रेस और खासकर सांसद Abhishek Banerjee के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। फलता सीट डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है, जहां अभिषेक बनर्जी का मजबूत प्रभाव माना जाता है। 2021 के विधानसभा चुनाव में यहां TMC को करीब 40 हजार वोटों से जीत मिली थी।