Knews Desk– तमिलनाडु की राजनीति में एक और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है। अभिनेता से मुख्यमंत्री बने C. Joseph Vijay की अगुवाई वाली सरकार में अब कांग्रेस भी शामिल होने जा रही है। गुरुवार को कांग्रेस विधायक राजेश कुमार और पी. विश्वनाथन मंत्री पद की शपथ लेंगे। इसके साथ ही करीब 59 साल बाद ऐसा पहली बार होगा, जब कांग्रेस तमिलनाडु में किसी गठबंधन सरकार का हिस्सा बनेगी।
तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ (TVK) ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 108 सीटें जीती थीं। हालांकि पार्टी बहुमत से कुछ सीटें पीछे रह गई थी, जिसके बाद कांग्रेस समेत कई सहयोगी दलों ने TVK सरकार को समर्थन दिया। अब कांग्रेस का सरकार में शामिल होना राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष Mallikarjun Kharge की मंजूरी के बाद पार्टी महासचिव K. C. Venugopal ने सोशल मीडिया के जरिए इस फैसले की जानकारी दी। दोनों विधायकों के मंत्री बनने से कांग्रेस को दक्षिण भारत में नई राजनीतिक ताकत मिलने की उम्मीद है।

इसी बीच कांग्रेस और TVK के बीच राज्यसभा सीट को लेकर भी बातचीत जारी है। DMK सांसद सीवी शणमुगम जून में राज्यसभा से रिटायर होने वाले हैं और इस सीट पर सत्ताधारी गठबंधन की जीत लगभग तय मानी जा रही है। कांग्रेस चाहती है कि यह सीट उसके खाते में आए। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, DMK से अलग होकर TVK के करीब आने में अहम भूमिका निभाने वाले एक पदाधिकारी का नाम इस सीट के लिए सबसे आगे चल रहा है।
दरअसल, विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और M. K. Stalin की DMK के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत हुई थी। कांग्रेस सत्ता में हिस्सेदारी चाहती थी, लेकिन DMK इसके लिए तैयार नहीं हुई। चुनाव में कांग्रेस को 28 सीटें मिलीं, जिनमें से पार्टी सिर्फ 5 सीटें जीत सकी। चुनाव परिणाम आने के तुरंत बाद कांग्रेस ने DMK गठबंधन छोड़कर विजय की TVK के साथ हाथ मिला लिया।
कांग्रेस के इस फैसले से DMK नाराज हो गई थी, लेकिन TVK ने कांग्रेस के अलावा वामपंथी दलों, IUML और VCK को साथ लेकर सरकार बनाने में सफलता हासिल कर ली। राज्य मंत्री Aadhav Arjuna ने कहा कि मुख्यमंत्री विजय चाहते हैं कि गठबंधन के सभी दल सरकार में भागीदारी करें। उन्होंने कहा कि यह सरकार धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय की नीतियों पर काम करेगी।