23 लीटर दूध, 50 लाख कीमत… ‘गार्गी’ ने मचाया तहलका, मालिक बोले- नहीं बेचेंगे

Knews Desk- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले की एक मुर्रा नस्ल की भैंस इन दिनों पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बनी हुई है। मोहम्मदपुर गांव में पाली गई ‘गार्गी’ नाम की इस भैंस ने एक दिन में 23 लीटर से ज्यादा दूध देकर नया रिकॉर्ड बना दिया है। इसी उपलब्धि के साथ गार्गी को प्रदेश की सबसे ज्यादा दूध देने वाली भैंस का दर्जा मिला है।

गार्गी के मालिक पूर्व जिला पंचायत सदस्य चौधरी विक्रम सिंह का परिवार इस उपलब्धि से बेहद खुश है। गांव में भी जश्न जैसा माहौल है और दूर-दूर से लोग इस खास भैंस को देखने पहुंच रहे हैं। हाल ही में उत्तर प्रदेश कृषि एवं पशुपालन संघ और पशु चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम ने गांव पहुंचकर गार्गी को सम्मानित किया। टीम ने लाइव मॉनिटरिंग के जरिए दूध उत्पादन की जांच की थी, जिसमें गार्गी ने पहला स्थान हासिल किया।

करीब चार साल की गार्गी अपने बड़े आकार और शानदार नस्ल के कारण भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसकी ऊंचाई करीब साढ़े पांच फीट बताई जा रही है। परिवार का कहना है कि उन्होंने इससे पहले इतनी बड़ी और ताकतवर भैंस नहीं देखी। गार्गी के मालिक शेखर चौहान के मुताबिक, इस सफलता के पीछे उनके पिता विक्रम सिंह की करीब 15 साल की मेहनत है। उन्होंने बेहतर नस्ल तैयार करने के लिए लगातार काम किया और बाहर से पशु खरीदने के बजाय अपनी नस्ल विकसित करने पर जोर दिया। गार्गी का टीका हरियाणा के प्रसिद्ध मुर्रा भैंसे ‘भीम’ से कराया गया था, जिससे इसकी नस्ल और बेहतर हुई।

परिवार का कहना है कि शुरुआत में उनकी भैंसें केवल 8 से 9 किलो दूध देती थीं, लेकिन लगातार देखभाल और वैज्ञानिक तरीके से ब्रीडिंग के जरिए आज यह मुकाम हासिल हुआ है।

गार्गी की लोकप्रियता इतनी बढ़ चुकी है कि इसकी कीमत 20 लाख से लेकर 50 लाख रुपये तक लग चुकी है। हालांकि परिवार इसे बेचने के लिए तैयार नहीं है। उनका कहना है कि गार्गी अब सिर्फ भैंस नहीं, बल्कि परिवार की पहचान और सम्मान बन चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *