KNEWS DESK- पनीर भारतीय खाने का बेहद अहम हिस्सा माना जाता है। शादी-पार्टी से लेकर रोजमर्रा की डाइट तक, पनीर की डिमांड हर जगह रहती है। खासकर शाकाहारी लोगों के लिए यह प्रोटीन का बेहतरीन सोर्स माना जाता है।

हालांकि बाजार में मिलने वाले पनीर को लेकर अक्सर मिलावट और खराब क्वालिटी की शिकायतें सामने आती रहती हैं। कई बार पनीर पकाने के बाद रबड़ जैसा खिंचने लगता है, जिसकी वजह उसमें मिलाए गए केमिकल और ज्यादा पानी हो सकते हैं। ऐसे में अब लोग घर पर ताजा और शुद्ध पनीर बनाना ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
1 किलो दूध से कितना पनीर निकलता है?
घर पर पनीर बनाने के लिए दूध की क्वालिटी सबसे ज्यादा मायने रखती है। अगर दूध फुल क्रीम या भैंस का शुद्ध दूध है, तो उससे ज्यादा पनीर निकलता है। वहीं टोंड या कम फैट वाले दूध से पनीर की मात्रा कम हो जाती है।

आमतौर पर 1 किलो यानी 1 लीटर फुल फैट दूध से करीब 230 से 250 ग्राम तक पनीर तैयार हो जाता है। अगर दूध में पानी की मिलावट हो, तो पनीर की मात्रा और क्वालिटी दोनों प्रभावित हो सकती हैं।
घर पर पनीर बनाना सस्ता है या महंगा?
अगर बाजार से पनीर खरीदें, तो 250 ग्राम पनीर की कीमत लगभग 70 से 80 रुपये तक होती है। वहीं ब्रांडेड पैकेट वाला पनीर 100 से 130 रुपये तक मिल सकता है।
दूसरी तरफ, 1 लीटर फुल क्रीम दूध की कीमत भी लगभग 70 से 80 रुपये के बीच रहती है। इसमें गैस या बिजली का थोड़ा खर्च और जोड़ लें, तो घर पर पनीर बनाना लगभग बाजार जितना ही खर्चीला पड़ता है।
लेकिन सबसे बड़ा फायदा यह है कि घर का पनीर पूरी तरह फ्रेश, मिलावट रहित और ज्यादा हेल्दी होता है। यही वजह है कि कई लोग अब घर पर ही पनीर बनाना पसंद कर रहे हैं।
मुलायम और स्वादिष्ट पनीर बनाने के आसान टिप्स

फुल फैट दूध का करें इस्तेमाल
अगर आप चाहते हैं कि पनीर बिल्कुल मुलायम बने, तो फुल क्रीम या भैंस के दूध का इस्तेमाल करें।
उबलते दूध में तुरंत नींबू न डालें
दूध को फाड़ते समय गैस बंद कर दें और हल्का ठंडा होने के बाद ही नींबू या विनेगर मिलाएं।
नींबू या विनेगर को पानी में मिलाएं
सीधे डालने की बजाय पहले पानी में घोल लें, इससे पनीर का टेक्सचर बेहतर बनता है।
छेना को साफ पानी से धो लें
पनीर निकालने के बाद उसे दो बार पानी से धोना जरूरी माना जाता है, ताकि नींबू या विनेगर का खट्टापन निकल जाए।
स्वाद के साथ सेहत का भी फायदा
घर पर बना पनीर सिर्फ स्वाद में ही बेहतर नहीं होता, बल्कि यह ज्यादा सुरक्षित और पौष्टिक भी माना जाता है। अगर सही तरीके और अच्छी क्वालिटी के दूध का इस्तेमाल किया जाए, तो कम खर्च में बेहतरीन पनीर तैयार किया जा सकता है।