KNEWS DESK- वृंदावन के प्रसिद्ध संत Premanand Maharaj के स्वास्थ्य को लेकर उनके भक्तों के बीच चिंता बढ़ गई है। आश्रम प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, महाराज जी की तबीयत फिलहाल ठीक नहीं है, जिसके चलते उनकी नियमित पदयात्रा को अनिश्चितकाल के लिए रोक दिया गया है।
सिर्फ पदयात्रा ही नहीं, बल्कि एकांतिक दर्शन और एकांतिक वार्तालाप जैसे कार्यक्रम भी फिलहाल स्थगित कर दिए गए हैं। इस खबर के बाद देशभर से वृंदावन पहुंचने वाले श्रद्धालुओं में मायूसी का माहौल है और सभी उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
आश्रम की ओर से भक्तों से संयम बनाए रखने और महाराज जी के स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना करने की अपील की गई है। बताया गया कि स्वास्थ्य कारणों को देखते हुए फिलहाल सभी सार्वजनिक कार्यक्रमों को रोकना जरूरी समझा गया है।
Premanand Maharaj हर दिन तड़के श्रीराधे हित केलिकुंज आश्रम से सौभरि वन तक पहुंचते थे, जहां वे पदयात्रा और सत्संग के माध्यम से श्रद्धालुओं से मिलते थे। हाल के समय में उन्होंने अपनी पदयात्रा का स्थान बदला था और सौभरि वन में भक्तों के बीच पहुंचना शुरू किया था।
मंगलवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम के बाहर पहुंचे थे, लेकिन जब उन्हें बताया गया कि महाराज जी स्वास्थ्य कारणों से नहीं आएंगे, तो कई भक्त मायूस होकर लौट गए।
भक्तों का कहना है कि महाराज जी की पदयात्रा और सत्संग से उन्हें मानसिक और आध्यात्मिक शांति मिलती थी। ऐसे में कार्यक्रमों के स्थगित होने से उनके अनुयायियों में चिंता और भावुकता दोनों देखने को मिल रही हैं।
जानकारी के मुताबिक Premanand Maharaj लंबे समय से किडनी संबंधी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। उन्हें ऑटोसोमल डोमिनेंट पॉलीसिस्टिक किडनी डिजीज नामक बीमारी है और उनकी नियमित डायलिसिस भी होती है।
भक्त अब उनके शीघ्र स्वस्थ होकर फिर से सत्संग और पदयात्रा शुरू करने की प्रार्थना कर रहे हैं।