बस्तर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक आज, अमित शाह करेंगे अध्यक्षता, सीएम मोहन यादव होंगे शामिल

KNEWS DESK- छत्तीसगढ़ के बस्तर में मंगलवार को मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित की जा रही है। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे। बैठक में क्षेत्रीय सहयोग, अंतरराज्यीय समन्वय और विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

इस बैठक में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बैठक में भाग लेंगे। छत्तीसगढ़ इस बार मध्य क्षेत्रीय परिषद की मेजबानी कर रहा है, जिसके चलते बस्तर को इस महत्वपूर्ण बैठक के लिए चुना गया है।

बैठक का आयोजन मंगलवार सुबह 11 बजे से किया जाएगा। इसमें सदस्य राज्यों के मुख्य सचिव, नीति आयोग के प्रतिनिधि, अंतर्राज्यीय परिषद सचिवालय के अधिकारी और अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

मध्य क्षेत्रीय परिषद की इस बैठक में राज्यों के बीच आपसी समन्वय बढ़ाने, लंबित अंतरराज्यीय मुद्दों के समाधान और विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा केंद्र और राज्यों के बीच सहयोग को और मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा।

मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक हर वर्ष आयोजित की जाती है, जिसका उद्देश्य सदस्य राज्यों के बीच सहयोग और समन्वय को बढ़ाना है। इससे पहले यह बैठक जून 2025 में वाराणसी में आयोजित हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *