Knews Desk-कर्नाटक सरकार ने शराब पर नया Alcohol-in-Beverage (AIB) आधारित एक्साइज ड्यूटी सिस्टम लागू कर दिया है, जिसके बाद राज्यभर में शराब की कीमतों में बढ़ोतरी हो गई है. नई दरें बेंगलुरु सहित सभी शहरों और जिलों में लागू कर दी गई हैं. सरकार के इस फैसले का असर कई लोकप्रिय शराब ब्रांड्स की कीमतों पर पड़ा है, जिससे अब ग्राहकों को शराब खरीदने के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे.
अलग-अलग कैटेगरी के लिए नई कीमतें तय
राज्य के एक्साइज विभाग ने व्हिस्की, रम, वोडका, जिन और ब्रांडी की अलग-अलग कैटेगरी के लिए नई कीमतें तय की हैं. नई दरें 90ML, 180ML और 750ML पैक पर लागू होंगी. सरकार ने शराब को सात अलग-अलग स्लैब में बांटा है, जिनके आधार पर कीमतें निर्धारित की गई हैं.

बजट कैटेगरी यानी स्लैब-1 और स्लैब-2 में लेगेसी स्पेशल, कार्निवल रम, बैंगलोर व्हिस्की और अमृत XXX क्लासिक रम जैसे ब्रांड शामिल हैं. इनकी कीमतें अब 370 रुपये से 485 रुपये के बीच तय की गई हैं. वहीं, मिड-रेंज कैटेगरी में ओल्ड टैवर्न व्हिस्की, बैगपाइपर XXX रम, 8PM ब्लू और मैकडॉवेल्स नंबर-1 सेलिब्रेशन रम जैसे ब्रांड्स शामिल हैं, जिनकी कीमतें बढ़कर 560 से 650 रुपये तक पहुंच गई हैं.
सबसे महंगी कैटेगरी
प्रीमियम रेंज में भी कीमतों में बड़ा बदलाव हुआ है. ऑफिसर्स चॉइस गोल्ड, ओल्ड मंक, DSP ब्लैक, इम्पीरियल ब्लू और मैकडॉवेल्स रिजर्व जैसी शराब की 750ML बोतलों की कीमत अब 850 से 900 रुपये तक पहुंच गई है. सबसे महंगी कैटेगरी में रॉयल स्टैग, ब्लेंडर्स प्राइड, सिग्नेचर, स्मिरनॉफ और मैजिक मोमेंट्स जैसे ब्रांड शामिल हैं. रॉयल स्टैग की 750ML बोतल की कीमत 1,145 रुपये तय की गई है, जबकि ब्लेंडर्स प्राइड और सिग्नेचर की कीमत 1,330 रुपये तक पहुंच गई है.
सरकार को बढ़ेगा राजस्व
सरकार का मानना है कि नए एक्साइज सिस्टम से राज्य के राजस्व में बढ़ोतरी होगी. हालांकि, शराब की कीमतों में इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम ग्राहकों की जेब पर पड़ेगा. कारोबारियों और ग्राहकों की नजर अब बाजार की प्रतिक्रिया और बिक्री के पैटर्न पर बनी हुई है।