Knews Desk– दिल्ली की मुख्यमंत्री Rekha Gupta रेखा गुप्ता सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है. अब राजधानी की महिलाओं को स्टार्टअप शुरू करने और कारोबार बढ़ाने के लिए बिना किसी गारंटी के 10 करोड़ रुपये तक का लोन मिल सकेगा. खास बात यह है कि इस कोलैटरल-फ्री लोन की गारंटी खुद दिल्ली सरकार लेगी, जिससे महिलाओं को आसानी से बैंक ऋण उपलब्ध हो सकेगा.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह घोषणा उत्तर पश्चिम दिल्ली के रोहिणी वेस्ट मेट्रो स्टेशन के पास स्थित यूनिटी वन मॉल में आयोजित दो दिवसीय मेगा सेल्फ हेल्प ग्रुप (एसएचजी) मेला-2026 के उद्घाटन समारोह में की. उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार महिलाओं को उद्यमिता से जोड़ने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब मॉल और बड़े शॉपिंग कॉम्प्लेक्सों में स्वदेशी और महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को नियमित रूप से बिक्री और प्रदर्शन का मंच मिलेगा, ताकि इन उत्पादों को बड़ा बाजार उपलब्ध हो सके. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi नरेंद्र मोदी लगातार ‘आत्मनिर्भर भारत’, ‘स्वदेशी अपनाओ’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ का विजन देश के सामने रख रहे हैं और दिल्ली सरकार उसी सोच को आगे बढ़ा रही है. मुख्यमंत्री ने लोगों से विदेशी उत्पादों के बजाय स्थानीय और स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करने की अपील भी की. उन्होंने कहा कि भारत में बने हस्तशिल्प, खादी, घरेलू उत्पाद और हस्तनिर्मित सामान गुणवत्ता में किसी से कम नहीं हैं. जरूरत केवल बेहतर ब्रांडिंग और मार्केटिंग की है.

उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं घरों में छोटे-छोटे उद्योग और हस्तनिर्मित उत्पाद तैयार कर न केवल अपने परिवार की आय बढ़ा रही हैं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे रही हैं. सरकार चाहती है कि दिल्ली की हर महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़े और अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाए. इस दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ईंधन बचाने और सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की अपील की है. इसी दिशा में दिल्ली सरकार ‘मंडे मेट्रो’ और ‘नो व्हीकल डे’ जैसे अभियानों को प्रोत्साहित कर रही है.
मेगा मेले में करीब 24 स्वयं सहायता समूहों ने हिस्सा लिया, जहां हस्तशिल्प, क्रोशिया कार्य, खादी, घरेलू उत्पाद, खाद्य सामग्री और अन्य हस्तनिर्मित वस्तुओं की प्रदर्शनी और बिक्री की गई. कार्यक्रम में सांसद Yogendra Chandolia योगेंद्र चंदोलिया, विधायक Kulwant Rana कुलवंत राणा, जिला प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।