झुग्गी से UPSC तक… बीमारी-गरीबी से लड़कर IRS बनीं उम्मुल खेर, पहले ही प्रयास में रचा इतिहास

Knews Desk– दिल्ली की झुग्गी बस्ती में पली-बढ़ीं उम्मुल खेर आज लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं. बेहद गरीबी, गंभीर बीमारी और पारिवारिक संघर्षों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपने पहले ही प्रयास में UPSC परीक्षा पास कर IRS अधिकारी बनने का सपना पूरा किया. उनकी सफलता की कहानी यह साबित करती है कि मजबूत इरादों के सामने मुश्किलें छोटी पड़ जाती हैं.

उम्मुल खेर का बचपन बेहद कठिन परिस्थितियों में बीता. जब वह सिर्फ पांच साल की थीं, तब उनका परिवार दिल्ली आकर हजरत निजामुद्दीन इलाके की एक झुग्गी बस्ती में रहने लगा. उनके पिता कपड़े बेचकर परिवार चलाते थे. इसी दौरान उम्मुल को एक गंभीर बीमारी ‘ब्रिटल बोन डिजीज’ हो गई, जिसमें हड्डियां बेहद कमजोर हो जाती हैं और मामूली चोट से भी टूट सकती हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उम्मुल को बचपन में 16 बार फ्रैक्चर हुआ और 8 सर्जरी से गुजरना पड़ा. बावजूद इसके उन्होंने पढ़ाई नहीं छोड़ी. उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकली हैंडीकैप्ड और बाद में अमर ज्योति चैरिटेबल ट्रस्ट से पूरी की. आठवीं के बाद उन्हें छात्रवृत्ति मिली, लेकिन उनके माता-पिता नहीं चाहते थे कि वह आगे पढ़ें. जब उम्मुल ने पढ़ाई छोड़ने से इनकार किया तो परिवार ने उनसे संबंध तोड़ लिए. उस समय उनकी उम्र सिर्फ 14 साल थी. इसके बाद उन्होंने झुग्गी के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर अपना खर्च चलाया.

उम्मुल ने 12वीं में 91 प्रतिशत अंक हासिल किए और बाद में दिल्ली विश्वविद्यालय के गार्गी कॉलेज से ग्रेजुएशन किया. इसके बाद उन्होंने जेएनयू से मास्टर्स की पढ़ाई पूरी की. उनका सपना सिविल सेवा में जाने का था. साल 2017 में उम्मुल खेर ने पहली बार UPSC परीक्षा दी और पहले ही प्रयास में 420वीं रैंक हासिल कर IRS अधिकारी बनने का गौरव प्राप्त किया. उनकी कहानी आज संघर्ष और सफलता की मिसाल बन चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *