Knews Desk– ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों के लिए नया ट्रैफिक और टोल सिस्टम लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है. ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, यह कदम हालिया संघर्षों में हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई और क्षेत्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है. ईरानी सांसद इब्राहिम अजीजी ने बताया कि नए सिस्टम के तहत जहाजों के लिए तय समुद्री रास्ते बनाए जाएंगे और विशेष सेवाओं के बदले शुल्क वसूला जाएगा.
ईरान ने संकेत दिए हैं कि केवल वही देश और व्यावसायिक जहाज इस सुविधा का लाभ उठा पाएंगे, जो तेहरान के साथ सहयोगात्मक रवैया अपनाएंगे. वहीं विरोधी देशों के जहाजों, खासकर सैन्य सामान लेकर गुजरने वाले पोतों पर कड़ी निगरानी और अतिरिक्त नियम लागू किए जा सकते हैं. ईरान के उपराष्ट्रपति मोहम्मद रजा आरिफ ने साफ कहा कि दुश्मन देशों के सैन्य उपकरणों को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने नहीं दिया जाएगा.

इससे पहले इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) ने होर्मुज स्ट्रेट का नया नक्शा जारी किया था, जिसमें जहाजों के लिए ईरानी तट के करीब सुरक्षित समुद्री मार्ग दिखाया गया है. ईरानी संसद में इस मुद्दे पर नया कानून लाने की भी तैयारी चल रही है. सांसद अलीरेजा अब्बासी के मुताबिक, सैन्य सामान ले जाने वाले जहाजों की आवाजाही सीमित करने और उन पर अतिरिक्त शुल्क लगाने का प्रस्ताव विचाराधीन है.
दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर जल्द शांति समझौता नहीं हुआ तो तेहरान को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं. वहीं रूस और चीन ने स्थायी युद्धविराम और बातचीत को ही संकट का समाधान बताया है. संयुक्त राष्ट्र में भी इस मुद्दे को लेकर नया प्रस्ताव लाने की तैयारी की जा रही है, जिसमें ईरान से होर्मुज स्ट्रेट में हमलों और बारूदी सुरंगों पर रोक लगाने की मांग की जाएगी।