महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए पाकिस्तान टीम का ऐलान, 5 नए चेहरों को मौका

Knews Desk -Pakistan Cricket Board ने ICC महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है. इंग्लैंड और वेल्स में 12 जून से शुरू होने वाले इस बड़े टूर्नामेंट में पाकिस्तान टीम की कप्तानी एक बार फिर Fatima Sana को सौंपी गई है. पाकिस्तान की टीम इस बार नए जोश और युवा खिलाड़ियों के साथ पहली बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी.

24 वर्षीय फातिमा सना लगातार दूसरी बार महिला T20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की कप्तानी करेंगी. इससे पहले उन्होंने 2024 में UAE में खेले गए महिला T20 वर्ल्ड कप में भी टीम की कमान संभाली थी. फातिमा खुद तीसरी बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में हिस्सा लेने जा रही हैं. टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ-साथ पांच नए चेहरों को भी मौका दिया गया है. पहली बार महिला T20 वर्ल्ड कप खेलने वाली खिलाड़ियों में एयमान फातिमा, नतालिया परवेज, रमीन शमीम, सायरा जाबिन और तस्मिया रुबाब शामिल हैं. इसके अलावा आलिया रियाज, आयशा जफर, डायना बेग और सादिया इकबाल जैसी अनुभवी खिलाड़ी भी टीम का हिस्सा हैं.

वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान टीम आयरलैंड में ट्राई-सीरीज खेलेगी, जिसमें मेजबान आयरलैंड और वेस्टइंडीज की टीमें भी शामिल होंगी. यह सीरीज 28 मई से 4 जून तक डबलिन में आयोजित की जाएगी. पाकिस्तान इस दौरान कुल चार मुकाबले खेलेगा. बोर्ड का मानना है कि यह सीरीज टीम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में अहम भूमिका निभाएगी. हाल ही में पाकिस्तान महिला टीम ने कराची में जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए T20 सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया था. इस जीत से टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है और खिलाड़ी बड़े टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रही हैं.

पाकिस्तान अपने T20 वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत चिर प्रतिद्वंदी India women’s national cricket team के खिलाफ करेगी. दोनों टीमों के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला 14 जून को बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेला जाएगा. क्रिकेट फैंस को इस मैच का बेसब्री से इंतजार है. इसके बाद पाकिस्तान 17 जून को दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगा, जबकि 20 जून को उसका मुकाबला बांग्लादेश से होगा. टीम 23 जून को ऑस्ट्रेलिया और 27 जून को नीदरलैंड के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच खेलेगी.

वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान दो वॉर्म-अप मुकाबले भी खेलेगा. टीम 6 जून को श्रीलंका और 9 जून को स्कॉटलैंड के खिलाफ मैदान में उतरेगी. दोनों मैच डर्बी में खेले जाएंगे.

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को उम्मीद है कि युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का यह मिश्रण टीम को इस बार बेहतर प्रदर्शन करने में मदद करेगा. वहीं फैंस की नजर खास तौर पर भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर टिकी हुई है, जो टूर्नामेंट का सबसे चर्चित मैच माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *