ज्येष्ठ अमावस्या पर पितरों को प्रसन्न करने के लिए करें ये उपाय, जानिए तर्पण विधि और प्रभावशाली मंत्र

KNEWS DESK- हिंदू धर्म में अमावस्या तिथि का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है, लेकिन ज्येष्ठ अमावस्या को बेहद प्रभावशाली और पुण्यदायी तिथि माना गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन पितरों का तर्पण, दान-पुण्य और मंत्र जाप करने से पूर्वज प्रसन्न होते हैं और अपने वंशजों को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देते हैं।

मान्यता है कि ज्येष्ठ अमावस्या के दिन पवित्र नदी में स्नान, जप-तप और दान करने से जीवन की कई परेशानियां दूर होती हैं।साथ ही पितृ दोष से मुक्ति मिलती है और घर में धन, सुख और शांति का वास होता है।

ज्येष्ठ अमावस्या पर क्यों खास होता है पितृ तर्पण?

धार्मिक ग्रंथों के अनुसार अमावस्या तिथि पितरों को समर्पित मानी जाती है। खासतौर पर ज्येष्ठ अमावस्या पर पितरों का तर्पण और श्राद्ध कर्म करने से उनकी आत्मा को शांति मिलती है और वे अपने परिवार पर कृपा बनाए रखते हैं। कहा जाता है कि इस दिन किए गए छोटे-छोटे उपाय भी बेहद शुभ फल देते हैं और रुके हुए कार्यों में सफलता मिलने लगती है।

जानिए पितृ तर्पण की सही विधि

ज्येष्ठ अमावस्या के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ-सुथरे वस्त्र धारण करें। तर्पण के लिए दोपहर का समय शुभ माना गया है।

ऐसे करें तर्पण

  • हाथ में जौ, काले तिल और कुश लें।
  • पितरों का स्मरण करते हुए जल अर्पित करें।
  • पितरों की शांति के लिए दान करें।
  • ब्राह्मणों को भोजन कराएं।
  • पक्षियों और पशुओं को दाना खिलाएं।

धार्मिक मान्यता है कि इस दिन मन और वाणी दोनों को शुद्ध रखना चाहिए। किसी से विवाद या कटु शब्दों का प्रयोग करने से बचना चाहिए।

अमावस्या पर तिल दान का महत्व

ज्योतिष शास्त्र में काले तिल को पितरों से जुड़ा माना गया है। कहा जाता है कि ज्येष्ठ अमावस्या पर काले तिल का दान करने से पितृ दोष शांत होता है और जीवन में आने वाली बाधाएं दूर होती हैं। इसके अलावा यह उपाय घर में धन हानि, बीमारी और मानसिक तनाव को कम करने में भी सहायक माना जाता है।

पितरों को प्रसन्न करने वाले प्रभावशाली मंत्र

ज्येष्ठ अमावस्या पर मंत्र जाप करने से पितरों की कृपा प्राप्त होती है और घर-परिवार में सुख-शांति बनी रहती है.

पितृ मंत्र

मंत्र 1

“ॐ पितृ देवतायै नमः”

मंत्र 2

“ॐ पितृ गणाय विद्महे जगतधारिणे धीमहि तन्नो पित्रो प्रचोदयात्।”

मंत्र 3

“ॐ देवताभ्यः पितृभ्यश्च महायोगिभ्य एव च
नमः स्वाहायै स्वधायै नित्यमेव नमो नमः”

मंत्र 4

“ॐ आद्य-भूताय विद्महे सर्व-सेव्याय धीमहि।
शिव-शक्ति-स्वरूपेण पितृ-देव प्रचोदयात्।”

पूजा के दौरान रखें इन बातों का ध्यान

  • तामसिक भोजन से बचें।
  • क्रोध और विवाद से दूर रहें।
  • जरूरतमंद लोगों की मदद करें।
  • पूजा के समय मन को शांत रखें।

मान्यता है कि श्रद्धा और सच्चे मन से किए गए उपाय पितरों को प्रसन्न करते हैं और उनकी कृपा से जीवन में सकारात्मक बदलाव आने लगते हैं।

पितरों की कृपा से मिलती है सुख-समृद्धि

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ज्येष्ठ अमावस्या पर किए गए तर्पण, दान और मंत्र जाप से पितरों का आशीर्वाद प्राप्त होता है. इससे घर में सुख-शांति बनी रहती है, आर्थिक परेशानियां दूर होती हैं और परिवार में खुशहाली आती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *