मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का निधन, लखनऊ में ली अंतिम सांस

KNEWS DESK- समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे और भाजपा नेता अपर्णा के पति प्रतीक यादव का निधन हो गया। 38 वर्षीय प्रतीक यादव ने लखनऊ में अंतिम सांस ली। परिवार और करीबी सूत्रों के मुताबिक, तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनका निधन हो गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव को सुबह करीब 5:55 बजे अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों का कहना है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसके बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।

बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले स्वास्थ्य खराब होने के कारण प्रतीक यादव को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार होने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया था। इस दौरान समाजवादी पार्टी प्रमुख Akhilesh Yadav और सांसद Dimple Yadav भी उनका हालचाल जानने पहुंचे थे।

प्रतीक यादव राजनीति से दूरी बनाए रखते थे, लेकिन फिटनेस को लेकर काफी सक्रिय और जागरूक थे। सोशल मीडिया पर वह अक्सर अपने फिटनेस वीडियो और तस्वीरें साझा करते रहते थे। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, वह घर के किचन में अचेत अवस्था में मिले थे, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हो गई। पुलिस ने प्रतीक यादव का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, घर में उस समय मौजूद लोगों से पूछताछ कर पूरी परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

इस दुखद घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि “प्रतीक यादव जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति दें।”

प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। उन्होंने साल 2012 में अपर्णा यादव से शादी की थी। यह शादी उत्तर प्रदेश की चर्चित हाई-प्रोफाइल शादियों में शामिल रही, जिसमें राजनीति और अन्य क्षेत्रों की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *