KNEWS DESK- सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री के आह्वान का पालन करते हुए ऊर्जा बचत, ईंधन खपत में कमी और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए हर नागरिक को जिम्मेदारी निभानी होगी और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की आदत विकसित करनी होगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के काफिले में वाहनों की संख्या में 50 प्रतिशत तक कटौती करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सरकारी विभागों, औद्योगिक संस्थानों और बड़े स्टार्टअप्स में वर्क फ्रॉम होम की व्यवस्था को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है। राज्य सरकार की आंतरिक बैठकों, सेमिनारों, कॉन्फ्रेंस और वर्कशॉप का अधिकतम आयोजन वर्चुअल माध्यम से करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सीएम योगी ने कहा कि मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। इसके अलावा “नो व्हीकल डे” अभियान चलाने का भी सुझाव दिया गया है, ताकि आम जनता को भी ईंधन बचत के लिए प्रेरित किया जा सके। उन्होंने मेट्रो, पीएनजी, इलेक्ट्रिक वाहनों, कार पूलिंग और साइक्लिंग को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया।
सरकार ने स्कूलों और कॉलेजों में भी ऊर्जा संरक्षण और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने की योजना बनाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीक ऑवर में ट्रैफिक और ईंधन की खपत कम करने के लिए कार्यालयों के समय को अलग-अलग बैचों में बांटा जा सकता है। स्कूल बसों के उपयोग को प्रोत्साहित करने और आवश्यकता पड़ने पर परिवहन निगम की बसों को भी इससे जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से बिजली की बचत करने और अनावश्यक रोशनी से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकारी भवनों, निजी संस्थानों और व्यावसायिक परिसरों में रात 10 बजे के बाद सजावटी लाइटों का न्यूनतम उपयोग किया जाए। साथ ही “पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” के तहत रूफटॉप सोलर अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित करने पर भी जोर दिया गया।
पर्यटन और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने “विजिट माई स्टेट” अभियान शुरू करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मौजूद हेरिटेज साइट्स, किले, धार्मिक स्थल और ईको टूरिज्म स्थलों को डेस्टिनेशन वेडिंग और पर्यटन के लिए बढ़ावा दिया जाए। प्रदेश के ओडीओपी और जीआई टैग प्राप्त उत्पादों को सरकारी उपहारों में शामिल करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अगले छह महीनों तक गैर-जरूरी विदेशी यात्राओं से बचने की अपील की। उन्होंने नागरिकों और वेडिंग प्लानर्स से देश के भीतर ही आयोजन करने का आग्रह किया। स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों द्वारा बनाए गए उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने की बात भी कही गई।स्वास्थ्य के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने खाद्य तेल के अत्यधिक उपयोग को कम करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे लोगों के स्वास्थ्य में सुधार होगा, घरेलू बचत बढ़ेगी और आयात पर निर्भरता कम होगी। स्कूलों, अस्पतालों, सरकारी कैंटीनों, छात्रावासों और अन्य संस्थानों में कम तेल वाले भोजन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए हैं।कृषि क्षेत्र में प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने और गोशालाओं में मौजूद गोवंश के गोबर के उपयोग पर भी बल दिया गया। मुख्यमंत्री ने फॉर्मर रजिस्ट्री को मजबूत बनाने और पीएनजी नेटवर्क के विस्तार को मिशन मोड में आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से सोने की अनावश्यक खरीद से बचने की अपील की और प्रशासन को ज्वेलर्स एसोसिएशन व व्यापारियों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी चिंताओं को दूर करने के निर्देश दिए।