KNEWS DESK- देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को आखिरकार रद्द कर दिया गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया है। पेपर लीक और “गेस पेपर” विवाद के बाद देशभर में उठे सवालों और जांच एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर केंद्र सरकार की मंजूरी से यह निर्णय लिया गया।
जांच एजेंसियों के अनुसार, इस पूरे पेपर लीक नेटवर्क का संचालन मनीष यादव और अविनाश लांबा कर रहे थे। राजस्थान SOG ने इस मामले में अब तक 45 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। एजेंसियां अब इस रैकेट के दूसरे राज्यों से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही हैं।
जांच में सामने आया है कि कथित तौर पर पेपर सबसे पहले महाराष्ट्र के नासिक से हरियाणा पहुंचा। वहां से इसे जयपुर, जमवारामगढ़ और फिर सीकर ले जाया गया। आरोप है कि सीकर से यह पेपर जम्मू-कश्मीर, बिहार, केरल और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में फैलाया गया।
नाशिक क्राइम ब्रांच ने भी राजस्थान पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। हालांकि, इस मामले में अभी तक महाराष्ट्र पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
NTA ने कहा कि 8 मई 2026 को मामले को केंद्रीय एजेंसियों के पास जांच के लिए भेजा गया था। जांच रिपोर्ट और कानून लागू करने वाली एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद यह स्पष्ट हुआ कि परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता प्रभावित हुई है। इसके बाद 3 मई 2026 को आयोजित NEET UG परीक्षा को रद्द कर दिया गया।
एजेंसी ने कहा कि छात्रों को दोबारा रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा। पुराना रजिस्ट्रेशन, उम्मीदवारों का डेटा और परीक्षा केंद्र मान्य रहेंगे। साथ ही किसी प्रकार की अतिरिक्त परीक्षा फीस भी नहीं ली जाएगी। पहले जमा की गई फीस वापस की जाएगी और दोबारा परीक्षा NTA अपने संसाधनों से आयोजित करेगा। नई परीक्षा तिथि और एडमिट कार्ड की जानकारी जल्द आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
परीक्षा रद्द होने के बाद विपक्ष ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि बार-बार पेपर लीक की घटनाएं शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने कहा कि लाखों छात्र महीनों तक मेहनत करते हैं, लेकिन अंतिम समय में ऐसी गड़बड़ियां उनके भविष्य को प्रभावित करती हैं।
वहीं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “NEET 2026 की परीक्षा रद्द हो गई। 22 लाख से ज्यादा छात्रों की मेहनत, त्याग और सपनों को इस भ्रष्ट व्यवस्था ने कुचल दिया।”
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ियां अब आम हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि लाखों छात्रों को अब फिर से मानसिक तनाव, आर्थिक बोझ और अनिश्चितता का सामना करना पड़ेगा।
कांग्रेस ने भी केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि “पेपर लीक और परीक्षा घोटाले बीजेपी सरकार की पहचान बन गए हैं।”
NEET UG देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा है, जिसमें इस साल 22 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए थे। परीक्षा रद्द होने से लाखों छात्रों और उनके परिवारों में चिंता और निराशा का माहौल है। अब पूरे देश की नजर CBI जांच और NTA द्वारा घोषित की जाने वाली नई परीक्षा तारीख पर टिकी हुई है।