KNEWS DESK- वैश्विक बाजारों में उतार-चढ़ाव और मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच सोने की कीमतों में आज हल्की गिरावट दर्ज की गई है। निवेशकों की मुनाफावसूली और अंतरराष्ट्रीय संकेतों के चलते घरेलू बाजार में सोने के दाम में मामूली कमजोरी देखने को मिली है।
MCX पर सोने का भाव गिरा
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 24 कैरेट सोने का वायदा भाव 580 रुपये यानी 0.38% गिरकर 1,51,944 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में सोना 1,52,530 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
विशेषज्ञों के मुताबिक, वैश्विक अनिश्चितता के बावजूद ट्रेडर्स की प्रॉफिट बुकिंग और मांग में अस्थायी बदलाव से कीमतों पर दबाव देखा जा रहा है।
दिल्ली सर्राफा बाजार में भी नरमी
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, दिल्ली में 99.9% शुद्धता वाला सोना 100 रुपये टूटकर 1,55,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। गुरुवार को यह 1,56,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था।
इसी तरह 99.5% शुद्धता वाला सोना भी 100 रुपये गिरकर 1,55,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
ग्लोबल मार्केट में मिला-जुला रुख
अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 0.7% की बढ़त के साथ 4,721 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक स्तर पर सुरक्षित निवेश की मांग बनी हुई है, जिससे कीमतों में अस्थिरता जारी है।
फ्यूचर मार्केट में हल्की तेजी
हालांकि फ्यूचर मार्केट में कुछ मजबूती देखने को मिली है। MCX पर अगस्त डिलीवरी वाला गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट 689 रुपये यानी 0.45% बढ़कर 1,52,950 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था।
चांदी में तेजी जारी
सोने के मुकाबले चांदी के बाजार में तेजी का रुख देखने को मिला। 3 जुलाई 2026 को एक्सपायर होने वाली चांदी का भाव 400 रुपये से अधिक बढ़कर 2,62,200 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रहा था।
विशेषज्ञों का मानना है कि भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता के कारण सोने और चांदी दोनों में लगातार उतार-चढ़ाव बना रहेगा। निवेशकों को फिलहाल सतर्क रुख अपनाने की सलाह दी जा रही है।