KNEWS DESK – Raja Shivaji में Salman Khan के कैमियो को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा हो रही है। Riteish Deshmukh के इस ऐतिहासिक प्रोजेक्ट में सलमान खान जीवा महाले के किरदार में नजर आने वाले हैं, जिन्हें छत्रपति शिवाजी महाराज के सबसे भरोसेमंद और बहादुर सैनिकों में गिना जाता है।
फिल्म के क्लाइमैक्स सीन में सलमान खान का एक बिल्कुल अलग और दमदार अवतार देखने को मिलता है, जिसने फैंस के बीच उत्साह और सरप्राइज दोनों बढ़ा दिए हैं। सोशल मीडिया पर उनके लुक और स्क्रीन प्रेजेंस की जमकर तारीफ हो रही है। हालांकि, इस कैमियो की कहानी जितनी दिलचस्प स्क्रीन पर है, उतनी ही पीछे की कहानी भी कम रोचक नहीं है।
हाल ही में एक बातचीत के दौरान रितेश देशमुख ने खुलासा किया कि शुरुआत में सलमान खान इस फिल्म का हिस्सा बनने वाले ही नहीं थे। बल्कि, खुद सलमान खान ने ही रितेश से यह सवाल किया था कि उनकी फिल्म में उनके लिए कोई रोल क्यों नहीं है।
रितेश के मुताबिक, एक बातचीत के दौरान सलमान ने सीधे कहा था कि “तुम मेरी बिना फिल्म नहीं बना सकते, तुम्हारी पिछली फिल्मों में भी मैं रहा हूं, अब इस फिल्म में भी मुझे होना चाहिए।” इसके बाद ही जीवा महाले के किरदार को लेकर चर्चा शुरू हुई।
रितेश ने बताया कि इस किरदार को लेकर उन्होंने लगभग एक महीने तक विचार किया, क्योंकि वह चाहते थे कि सलमान की मौजूदगी सिर्फ एक स्टार अपीयरेंस न होकर कहानी के लिए महत्वपूर्ण और असरदार साबित हो। जीवा महाले का किरदार ऐतिहासिक रूप से बेहद अहम माना जाता है, जिसने शिवाजी महाराज के साथ कई निर्णायक लड़ाइयों में भूमिका निभाई थी।
फिल्म की शूटिंग के दौरान सलमान खान ने भी तुरंत हामी भर दी, हालांकि उस समय वह एक और प्रोजेक्ट में व्यस्त थे। इसके बावजूद उन्होंने इस कैमियो के लिए समय निकाला और किरदार को निभाने के लिए तैयार हो गए।
फिल्म से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, सलमान का यह कैमियो केवल एक छोटा रोल नहीं बल्कि कहानी के क्लाइमेक्स को एक भावनात्मक और पावरफुल टच देने वाला हिस्सा है।