तमिलनाडु में सत्ता का सस्पेंस बरकरार, बहुमत से 2 सीट दूर TVK

Knews Desk– तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर राजनीतिक सस्पेंस लगातार गहराता जा रहा है। विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी तमिलगा वेट्री कझगम अभी तक स्पष्ट बहुमत जुटाने में सफल नहीं हो पाई है। ऐसे में पार्टी प्रमुख और अभिनेता विजय ने तीन दिनों में तीसरी बार राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया, लेकिन समर्थन को लेकर तस्वीर अब भी साफ नहीं हो सकी है।

TVK को 11 अतिरिक्त विधायकों के समर्थन की जरूरत

234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत है। चुनाव नतीजों में TVK को 108 सीटें मिलीं, लेकिन दो सीटों पर विजय की जीत के कारण पार्टी की प्रभावी संख्या 107 मानी जा रही है। सरकार बनाने के लिए TVK को कम से कम 11 अतिरिक्त विधायकों के समर्थन की जरूरत थी। अब तक पार्टी को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की 5 सीटों, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की 2 और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की 2 सीटों का समर्थन मिल चुका है। इस तरह पार्टी के समर्थन में कुल 116 विधायक होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि बहुमत के लिए अभी भी दो सीटों की कमी बनी हुई है।

राजनीतिक हलकों में सबसे ज्यादा चर्चा विदुथलाई चिरुथैगल कझगम और अम्मा मक्कल मुनेत्र कझगम के समर्थन को लेकर हो रही है। सूत्रों के मुताबिक, राज्यपाल को सौंपे गए TVK के ज्ञापन में VCK का कोई आधिकारिक समर्थन पत्र शामिल नहीं था। इससे यह सवाल उठने लगे कि क्या TVK वास्तव में बहुमत साबित कर पाएगी।

TVK ने एक वीडियो में विजय की पार्टी के समर्थन में लिखा पत्र

शुक्रवार देर रात TVK ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें AMMK के नवनिर्वाचित विधायक कामराज को विजय की पार्टी के समर्थन में पत्र लिखते हुए दिखाया गया। TVK ने दावा किया कि उसे AMMK विधायक का समर्थन हासिल है। लेकिन मामला तब और विवादित हो गया जब AMMK महासचिव टी.टी.वी. दिनाकरन ने इस दावे को फर्जी बताते हुए खारिज कर दिया। दिनाकरन तुरंत राज्यपाल से मिलने पहुंचे और उन्होंने एक अलग पत्र सौंपा। उनका दावा था कि AMMK विधायक का वास्तविक समर्थन NDA और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम गठबंधन को है। उन्होंने AIADMK प्रमुख एडप्पादी के. पलानीस्वामी को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में समर्थन देने की बात भी कही।

फर्जी जेरॉक्स कॉपी

दिनाकरन ने TVK पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने समर्थन पत्र की “फर्जी जेरॉक्स कॉपी” राज्यपाल को सौंपी है। उन्होंने इसे जालसाजी बताते हुए कहा कि उनकी पार्टी TVK के खिलाफ आपराधिक शिकायत दर्ज कराएगी। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि NDA और AIADMK गठबंधन अन्य दलों का समर्थन जुटाकर सरकार बनाने की कोशिश करेगा।

तमिलनाडु की राजनीति में जारी इस घमासान के बीच अब सभी की नजर राज्यपाल के अगले कदम और संभावित फ्लोर टेस्ट पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *