KNEWS DESK- दिल्ली सरकार ने सरकारी स्कूलों के लिए गर्मियों की छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, दिल्ली के सरकारी स्कूलों में 11 मई से 30 जून 2026 तक समर वेकेशन रहेंगी। यानी छात्रों को 11 मई से स्कूल नहीं जाना होगा और अब स्कूल 1 जुलाई 2026 से दोबारा खुलेंगे।
हालांकि, इस दौरान कक्षा 9वीं, 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए विशेष रेमेडियल क्लासेस आयोजित की जाएंगी। इन कक्षाओं का उद्देश्य छात्रों की पढ़ाई में सुधार करना और कमजोर विषयों पर अतिरिक्त ध्यान देना है।
क्यों आयोजित की जाएंगी रेमेडियल क्लासेस?
दिल्ली शिक्षा निदेशालय के अनुसार, रेमेडियल क्लासेस का मकसद छात्रों की कमजोरियों को दूर करना, जरूरी पाठ्यक्रम को दोहराना और परीक्षा परिणामों को बेहतर बनाना है। इन कक्षाओं में खासतौर पर उन विषयों पर फोकस किया जाएगा जिनमें छात्रों को ज्यादा कठिनाई होती है। स्कूलों में रेमेडियल क्लासेस शिक्षकों की उपलब्धता और स्कूल परिसर की सुविधाओं के अनुसार संचालित होंगी।
11 से 23 मई तक चलेंगी विशेष कक्षाएं
सरकारी स्कूलों में 9वीं, 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए रेमेडियल क्लासेस 11 मई से 23 मई 2026 तक आयोजित की जाएंगी। इसके बाद छात्रों के लिए पूरी तरह छुट्टियां रहेंगी।
सुबह 7:30 बजे से शुरू होंगी क्लासेस
रेमेडियल क्लासेस का समय सुबह 7:30 बजे से 10:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। वहीं शिक्षकों को सुबह 7:20 बजे से 11 बजे तक स्कूल में मौजूद रहना होगा। इन कक्षाओं में कुल तीन पीरियड होंगे और प्रत्येक पीरियड की अवधि एक घंटे की होगी।
कक्षा 9वीं और 10वीं के छात्रों के लिए मुख्य रूप से साइंस और मैथ्स विषयों पर जोर दिया जाएगा। हालांकि जरूरत के अनुसार स्कूल प्रमुख अन्य विषय भी शामिल कर सकते हैं। वहीं कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए विषयों का चयन उनकी पढ़ाई की जरूरत और प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
स्कूल यूनिफॉर्म और अभिभावकों की अनुमति जरूरी
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि रेमेडियल क्लासेस में शामिल होने वाले छात्रों के लिए स्कूल यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य होगा। साथ ही अभिभावकों की अनुमति लेना भी जरूरी रहेगा। स्कूलों को छुट्टियां शुरू होने से पहले रेमेडियल क्लासेस का पूरा टाइम-टेबल तैयार कर संबंधित डिप्टी डायरेक्टर ऑफ एजुकेशन को भेजना होगा।
ऑनलाइन दर्ज होगी छात्रों की उपस्थिति
इन विशेष कक्षाओं में छात्रों की उपस्थिति ऑनलाइन रिकॉर्ड की जाएगी। इसके अलावा स्कूल लाइब्रेरी भी खुली रहेंगी ताकि छात्र स्वयं अध्ययन कर सकें और किताबें इश्यू करा सकें।
शिक्षा निदेशालय ने स्कूल प्रमुखों को साफ पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं का इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं, ताकि गर्मी के मौसम में छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो।