Knews Desk-बिहार के मुंगेर से निकलकर टीवी और रियलिटी शो की दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाली मनीषा रानी ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है. महज 28 साल की उम्र में उन्होंने मुंबई में अपना नया और शानदार आशियाना तैयार कर लिया है. लंबे समय तक मेहनत और संघर्ष के बाद आखिरकार उनका “ड्रीम होम” बनकर तैयार हो गया है, जिसकी झलक उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा की है.

Bigg Boss OTT 2 फेम मनीषा रानी ने अपने इंस्टाग्राम पर गृह प्रवेश की कई तस्वीरें पोस्ट कीं, जो तेजी से वायरल हो रही हैं. इन तस्वीरों में वह अपने नए घर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा करती नजर आ रही हैं. उन्होंने सिर पर कलश रखकर गृह प्रवेश किया और पूरे विधि-विधान के साथ अपने नए जीवन की शुरुआत की.

मनीषा ने अपनी पोस्ट में लिखा, “हमारे नए घर में पॉजिटिव एनर्जी, शांति और समृद्धि का स्वागत है.” उनकी इस पोस्ट में कुल 9 तस्वीरें शामिल हैं, जिनमें घर की पूजा और नए घर की झलक साफ दिखाई दे रही है. फैंस उनके इस खास पल को देखकर बेहद खुश हैं और लगातार बधाइयां दे रहे हैं.

गृह प्रवेश के दौरान मनीषा ग्रीन कलर के सूट में नजर आईं, जिसमें उनकी सादगी और खुशी दोनों ही साफ झलक रही थी. हाथ जोड़कर प्रार्थना करते हुए उनकी तस्वीरों ने फैंस का दिल जीत लिया. सोशल मीडिया पर उनकी ये तस्वीरें तेजी से शेयर की जा रही हैं और ट्रेंड कर रही हैं.

Jhalak Dikhhla Jaa 11 की विजेता रह चुकी मनीषा रानी ने अपने संघर्ष और मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है. बिहार के मुंगेर से निकलकर मुंबई जैसे महंगे शहर में अपना घर बनाना उनके लिए किसी सपने से कम नहीं है.

उनके नए घर की तस्वीरें सामने आते ही इंडस्ट्री के कई सेलेब्रिटीज और फैंस ने उन्हें बधाई दी है. सोशल मीडिया पर लोग उनकी सादगी, मेहनत और सफलता की जमकर तारीफ कर रहे हैं. मनीषा ने यह साबित कर दिया है कि सपने बड़े हों तो उन्हें पूरा करने की हिम्मत भी रास्ता बना लेती है.