पुणेः सिरफिरे प्रेमी ने प्रेमिका का गला रेता, घायल युवती ने कागज पर लिखकर बताया आरोपी का नाम

डिजिटल डेस्क- महाराष्ट्र की सांस्कृतिक राजधानी और ‘आईटी हब’ कहा जाने वाला पुणे शहर एक बार फिर खून-खराबे से दहल उठा है। जिले के चंदननगर इलाके में प्रेम प्रसंग के चलते एक 22 वर्षीय युवती पर जानलेवा हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोपी ने युवती के घर में घुसकर उसके गले पर धारदार हथियार से हमला किया और फरार हो गया। इस हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है और फिलहाल एक निजी अस्पताल के आईसीयू में जीवन और मौत के बीच जंग लड़ रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती और आरोपी दिलीप राठौड़ दोनों पुणे के एक ही शॉपिंग मॉल में काम करते थे। साथ काम करने के दौरान उनकी दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम संबंधों में बदल गई। शुरुआती दौर में सब कुछ ठीक रहा, लेकिन पिछले कुछ महीनों से दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई थी। बताया जा रहा है कि आरोपी दिलीप, युवती पर किसी बात को लेकर लगातार दबाव बना रहा था, जिससे उनके रिश्तों में भारी तनाव पैदा हो गया था।

घर में घुसकर किया हमला

वारदात के दिन युवती घर पर अकेली थी। उसके भाई और भाभी अपने-अपने काम पर गए हुए थे। सूने घर का फायदा उठाकर आरोपी दिलीप राठौड़ वहां पहुंचा। दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में पागल हुए आरोपी ने अपने पास रखे धारदार हथियार से युवती की गर्दन पर वार कर दिया। गला कटने के कारण युवती जमीन पर गिर पड़ी और आरोपी मौके से फरार हो गया।

वीडियो कॉल पर भाई को दिखाई अपनी हालत

गले पर गंभीर घाव होने के बावजूद युवती ने हिम्मत नहीं हारी। उसने लड़खड़ाते हुए अपने भाई को फोन लगाया और धीमी आवाज में कहा, “भाई जल्दी घर आ जाओ, लड़के ने मुझे मारा है… मेरे गले से आवाज नहीं निकल रही।” जब भाई को बात पूरी तरह समझ नहीं आई, तो युवती ने उसे वीडियो कॉल किया। फोन की स्क्रीन पर अपनी बहन को खून से लथपथ और गला पकड़े हुए देख भाई के पैरों तले जमीन खिसक गई। वह तुरंत काम छोड़कर घर की ओर भागा। जब तक परिजन और पड़ोसी घर पहुंचे, युवती की हालत काफी बिगड़ चुकी थी। उसे तत्काल ससून अस्पताल ले जाया गया, लेकिन घाव गहरा होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

कागज और पेन से उजागर हुआ सच

अस्पताल पहुंची पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती आरोपी की पहचान करना था, क्योंकि युवती बोलने की स्थिति में बिल्कुल नहीं थी। हालांकि, जब होश आया तो युवती ने इशारों में कागज और पेन मांगा। उसने कांपते हाथों से कागज पर आरोपी ‘दिलीप राठौड़’ का नाम लिखा। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी दिलीप को गिरफ्तार कर लिया। चंदननगर पुलिस ने पीड़ित परिजनों की शिकायत पर हत्या के प्रयास (धारा 307) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह हमला पूर्व नियोजित था या गुस्से में आकर अचानक उठाया गया कदम। फिलहाल, आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और उससे पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *