नागपुर: पुरानी कारों के गोदाम में लगी भीषण आग, 400 से ज्यादा गाड़ियां जलकर राख

KNEWS DESK- महाराष्ट्र के नागपुर जिले में गुरुवार को एक बड़ा अग्निकांड सामने आया, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। खैरी गांव स्थित एक पुरानी कारों के गोदाम में अचानक लगी भीषण आग ने देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 400 से अधिक पुरानी गाड़ियां, स्पेयर पार्ट्स और टायर जलकर पूरी तरह राख हो गए।

जानकारी के मुताबिक, यह गोदाम नागपुर ग्रामीण क्षेत्र के खैरी-कन्हान मार्ग स्थित तारानगर इलाके में है, जहां सेकेंड हैंड कारों और उनके पार्ट्स का कारोबार होता है। गुरुवार दोपहर अचानक गोदाम से धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में आग तेजी से फैल गई।

गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामान मौजूद होने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।

आग इतनी भीषण थी कि इसका धुआं कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था। स्थानीय लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। कर्मचारी तुरंत बाहर निकल आए और दमकल विभाग को सूचना दी गई।

आग पर काबू पाने के लिए कामठी, येरखेड़ा और नागपुर महानगरपालिका से करीब 15 दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया, लेकिन तब तक गोदाम में रखी अधिकांश गाड़ियां जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुकी थीं।

प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस अग्निकांड में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। गोदाम में मरम्मत की गई कारों के साथ-साथ खराब वाहनों के पार्ट्स और टायर बड़ी मात्रा में रखे गए थे, जिससे आग तेजी से फैल गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भीषण गर्मी और गोदाम में रखे ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग तेजी से फैली। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच पुलिस और दमकल विभाग की टीम कर रही है।

अधिकारियों के मुताबिक, राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं, घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा और फायर सेफ्टी इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *