Knews Desk-भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 8 मई 2026 को लेकर देशभर के लिए अहम मौसम चेतावनी जारी की है. विभाग के मुताबिक अगले सात दिनों तक कई राज्यों में मौसम तेजी से बदल सकता है. कहीं भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने का खतरा रहेगा, तो कुछ इलाकों में भीषण गर्मी और लू लोगों की मुश्किलें बढ़ाएगी. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है.

उत्तराखंड में शुक्रवार को तेज तूफानी हवाएं चलने की संभावना

IMD के अनुसार सबसे ज्यादा असर पहाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों में देखने को मिलेगा. उत्तराखंड में शुक्रवार को तेज तूफानी हवाएं चलने की संभावना है. हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ क्षेत्रों में यह 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी जा सकती है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं के कारण पेड़ गिर सकते हैं, बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है और कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंच सकता है. लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान घरों के अंदर रहें और पेड़ों व बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें.
पूर्वोत्तर भारत से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना

पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अगले दो दिनों तक बारिश और आंधी का असर देखने को मिलेगा. इन राज्यों में 8 और 9 मई को मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश में 7, 12 और 13 मई को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी मौसम खराब बना रह सकता है.
पश्चिमी राजस्थान और गुजरात में गर्मी का प्रकोप जारी

जहां एक ओर कई राज्यों में बारिश राहत देगी, वहीं पश्चिमी राजस्थान और गुजरात में गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा. गुजरात के राजकोट में गुरुवार को 42.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो इस साल का सबसे अधिक तापमान माना जा रहा है. IMD के मुताबिक 9 से 13 मई तक गुजरात और पश्चिमी राजस्थान में लू चलने की संभावना है. तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है.
दिल्ली-एनसीआर में मौसम सामान्य

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है. हालांकि दिन में गर्मी महसूस होगी, लेकिन बीच-बीच में तेज हवाएं चलने से लोगों को कुछ राहत मिल सकती है. अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले सात दिनों तक रुक-रुक कर बारिश जारी रहने की संभावना है. यहां तेज हवाओं और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि महीने के अंत तक दक्षिण-पश्चिम मानसून अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में दस्तक दे सकता है.