KNEWS DESK- यूपी के हमीरपुर में हुए दर्दनाक नाव हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। कुरारा थाना क्षेत्र के कुतुबपुर पटिया गांव के पास यमुना नदी में पलटी नाव के मामले में गुरुवार को एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने दो शव बरामद किए हैं। हादसे के बाद से लापता लोगों की तलाश में प्रशासन और बचाव दल जुटे हुए हैं।
रेस्क्यू टीम ने सबसे पहले बृजरानी नाम की महिला का शव नदी से बाहर निकाला। इसके कुछ देर बाद करीब 14 वर्षीय किशोरी का शव भी बरामद हुआ। नाव हादसे के बाद कुल छह लोग लापता बताए गए थे। दो शव मिलने के बाद अब चार अन्य लोगों की तलाश जारी है।
शादी समारोह के बाद लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, कुतुबपुर पटिया निवासी विष्णु की भतीजी की शादी मंगलवार को हुई थी। विदाई के बाद परिवार और रिश्तेदार बुधवार शाम यमुना नदी के टापू पर खरबूजा, ककड़ी और तरबूज लेने गए थे। देर शाम करीब छह बजे सभी लोग नाव से वापस लौट रहे थे, तभी बीच नदी में नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई।
नाव पलटते ही मौके पर अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई। नाव चला रहे विष्णु, रिंकू और पारुल को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। तीनों को बेहोशी की हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरारा भेजा गया, जहां उनका इलाज किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक, जिलाधिकारी अभिषेक कुमार और अन्य अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से रातभर नदी में खोज अभियान चलाया गया।
लापता लोगों की तलाश के लिए नदी में जाल डाले गए हैं। साथ ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को भी अभियान में लगाया गया है। प्रशासन का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में नाव के ओवरलोड होने की बात सामने नहीं आई है। माना जा रहा है कि अंधेरा होने और संतुलन बिगड़ने की वजह से नाव पलट गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीण लगातार राहत कार्य पर नजर बनाए हुए हैं।