यूपी में आज से शुरू होगी स्व-जनगणना, घर बैठे ऑनलाइन भर सकेंगे फॉर्म

KNEWS DESK- उत्तरप्रदेश में जनगणना की प्रक्रिया को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। गुरुवार से राज्य में स्व-जनगणना (Self Enumeration) की शुरुआत हो रही है। अब परिवार के मुखिया घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से जनगणना फॉर्म भर सकेंगे। इसके लिए सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर जरूरी जानकारी दर्ज करनी होगी।

स्व-जनगणना के दौरान परिवार के मुखिया को मकान और परिवार से जुड़े कुल 34 सवालों के जवाब देने होंगे। अधिकारियों के अनुसार, सभी सवाल सामान्य और सरल होंगे ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस प्रक्रिया में किसी भी दस्तावेज को अपलोड करने की आवश्यकता नहीं होगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परिवार के हर सदस्य को अलग-अलग फॉर्म भरने की जरूरत नहीं है। केवल परिवार का मुखिया ही पूरे परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करेगा। इसमें परिवार के सदस्यों की संख्या और अन्य जरूरी जानकारियां शामिल होंगी।

मुख्य जनगणना अधिकारी Sheetal Verma के मुताबिक, स्व-गणना की प्रक्रिया 7 मई से 21 मई तक चलेगी। इसके लिए परिवार के मुखिया को पोर्टल पर मोबाइल नंबर के जरिए लॉगिन करना होगा और मांगी गई जानकारी भरनी होगी।

ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवेदक को 11 अंकों की एक यूनिक आईडी प्रदान की जाएगी। 22 मई के बाद जब जनगणना कर्मी घर-घर पहुंचेंगे, तब यह आईडी उन्हें दिखानी होगी। इसके बाद कर्मचारी ऑनलाइन भरी गई जानकारी का सत्यापन करेंगे।

अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति को फॉर्म भरने में कोई दिक्कत आती है तो सहायता की भी व्यवस्था की गई है। सरकार का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लोग डिजिटल माध्यम से आसानी से जनगणना प्रक्रिया पूरी कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *