KNEWS DESK- रेलवे यात्रियों की सुविधा को बढ़ाने की दिशा में उत्तर मध्य रेलवे ने एक बड़ा कदम उठाया है। अब स्टेशनों पर कुलियों के लिए भटकने या किराए को लेकर मोलभाव करने की परेशानी खत्म होने जा रही है। प्रयागराज मंडल देश में पहली बार कुलियों की ऑनलाइन बुकिंग सुविधा शुरू करने की तैयारी कर रहा है।
इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद यात्री अपनी ट्रेन के आगमन या प्रस्थान से पहले ही कुली को बुक कर सकेंगे। बुकिंग रेलवे के अधिकृत ऐप या वेबसाइट के जरिए की जाएगी। जैसे ही यात्री स्टेशन पहुंचेगा, उसका बुक किया हुआ कुली तय स्थान पर पहले से मौजूद रहेगा और सामान उठाने की सेवा देगा।
इस सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत पारदर्शी डिजिटल भुगतान व्यवस्था होगी। यात्रियों को पहले से ही यह जानकारी मिल जाएगी कि कुली सेवा के लिए उन्हें कितना शुल्क देना होगा। इससे ओवरचार्जिंग और मनमाने किराए जैसी समस्याओं पर रोक लगेगी।
अक्सर त्योहारों और भीड़भाड़ के समय यात्रियों और कुलियों के बीच किराए को लेकर विवाद की स्थिति बन जाती है। अधिकारियों का मानना है कि इस ऑनलाइन सिस्टम से न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि कुलियों के काम में भी अनुशासन और पारदर्शिता आएगी।
यह सुविधा शुरुआत में प्रयागराज जंक्शन, छिवकी, कानपुर सेंट्रल, मिर्जापुर, इटावा और अलीगढ़ जैसे प्रमुख स्टेशनों पर लागू की जाएगी। सफल ट्रायल के बाद इसे अन्य स्टेशनों तक विस्तार देने की योजना है।
सीनियर डीसीएम हरिमोहन के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधा उपलब्ध कराना है, जिससे रेलवे यात्रा और अधिक सहज और सुविधाजनक बन सके।