बुलंदशहर में बर्थडे पार्टी के दौरान केक के खेल में हुआ खूनी संघर्ष, पार्टी के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत

शिव शंकर सविता- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा में एक जन्मदिन की पार्टी अचानक खौफनाक तिहरे हत्याकांड में बदल गई। शनिवार देर रात हुई इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है। आरजेएस जिम खुर्जा में चल रही पार्टी के दौरान मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि गोलियों की तड़तड़ाहट में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि जिम में आधी रात के बाद बर्थडे पार्टी चल रही थी। माहौल जश्न का था, लेकिन अचानक केक लगाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बर्थडे बॉय के चेहरे पर जबरन केक लगाने की बात पर कहासुनी हुई, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। इसी दौरान मुख्य आरोपी जीतू सैनी ने कथित तौर पर मयंक सैनी की पिस्टल लेकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

12 राउंड से अधिक फायरिंग, मची अफरा-तफरी

गवाहों के अनुसार, 12 से अधिक राउंड फायरिंग हुई। गोलियों की आवाज से जिम में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस हमले में मनीष सैनी, उनके चचेरे भाई अमरदीप और भतीजे आकाश की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों एक ही परिवार से थे, जिससे इस घटना का दर्द और भी गहरा हो गया है। घटना के पीछे की वजह को लेकर अभी भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। पुलिस जहां इसे केक लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद बता रही है, वहीं स्थानीय लोग इसे पुरानी दुश्मनी से जोड़कर देख रहे हैं। जानकारी सामने आई है कि सैनी धर्मशाला को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव था। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि क्या यह वारदात पहले से सुनियोजित थी?

पार्टी के दौरान पी गई जमकर शराब, मौके से खाली बोतलें बरामद

जांच में यह भी सामने आया है कि पार्टी के दौरान शराब और बीयर का सेवन किया गया था। मौके से कई खाली बोतलें बरामद हुई हैं। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर हमलावरों ने अपने साथियों को फोन कर बुलाया, जबकि पीड़ित पक्ष पूरी तरह निहत्था था और उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि स्थिति इतनी भयावह हो जाएगी। इस तिहरे हत्याकांड के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। मनीष सैनी अपने पीछे दो बेटियां छोड़ गए हैं, जबकि अमरदीप के दो छोटे बच्चे हैं। आकाश अविवाहित था और परिवार का बड़ा बेटा था। एक ही घर के तीन चिराग बुझने से पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है।

4 आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश में टीमें गठित

घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज कर दी गई है। जीतू सैनी और मयंक सैनी को मुख्य आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने कुल 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिनमें से 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी की तलाश के लिए 6 टीमें गठित की गई हैं। इतना ही नहीं, आरोपियों द्वारा सीसीटीवी की डीवीआर भी अपने साथ ले जाने की बात सामने आई है, जिससे जांच और जटिल हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया है। Kalanidhi Naithani (डीआईजी) ने जांच की जिम्मेदारी एसपी देहात Antariksh Jain को सौंपी है और 48 घंटे में रिपोर्ट तलब की है। साथ ही खुर्जा कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने के बाद उसकी जांच के आदेश दिए गए हैं। मृतकों के परिजनों ने इसे पूर्व नियोजित साजिश करार दिया है। अमरदीप की पत्नी सिमरन का आरोप है कि उनके पति को जानबूझकर पार्टी के बहाने बुलाया गया था। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए उनके घरों और संपत्तियों पर बुलडोजर चलाने की मांग भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *