Knews Desk- कानपुर के लोगों के लिए मेट्रो को लेकर एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से बर्रा से नौबस्ता तक मेट्रो विस्तार का इंतजार कर रहे यात्रियों का सपना अब जल्द पूरा होता दिख रहा है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) की इस महत्वाकांक्षी योजना को राज्य सरकार के वित्त विभाग ने हरी झंडी दे दी है। विभाग ने करीब 2200 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) को मंजूरी प्रदान कर दी है, जिससे इस रूट पर मेट्रो विस्तार का रास्ता अब लगभग साफ हो गया है।
अब यह प्रस्ताव आगे राज्य कैबिनेट में रखा जाएगा, जहां से मंजूरी मिलने के बाद इसे केंद्र सरकार के पीआईबी के पास भेजा जाएगा। अंतिम चरण में केंद्रीय कैबिनेट की स्वीकृति मिलते ही बर्रा से नौबस्ता तक मेट्रो दौड़ने का रास्ता पूरी तरह तैयार हो जाएगा। इस पूरे प्रोजेक्ट की पुष्टि यूपीएमआरसी के संयुक्त महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा ने की है। उनके अनुसार इस योजना के तहत लगभग 8 किलोमीटर लंबे नए कॉरिडोर पर मेट्रो का संचालन किया जाएगा।

डेढ़ साल के अंदर बर्रा से नौबस्ता तक मेट्रो संचालन शुरू करने का लक्ष्य
इस विस्तार के लिए कुल छह नई मेट्रो ट्रेनों की भी खरीद की जाएगी, जिसका उल्लेख डीपीआर में किया गया है। अधिकारियों का मानना है कि इस परियोजना के पूरा होने से कानपुर के दक्षिणी हिस्से में रहने वाली करीब 20 लाख की आबादी को तेज, सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा मिल सकेगी। पंचानन मिश्रा ने जानकारी दी कि इस प्रोजेक्ट पर तेजी से काम चल रहा है और अगले डेढ़ साल के भीतर बर्रा से नौबस्ता तक मेट्रो संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा यह भी संभावना जताई जा रही है कि आने वाले जून महीने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कानपुर दौरे के दौरान इस महत्वाकांक्षी परियोजना को शहर को समर्पित कर सकते हैं।
जून से मेट्रो संचालन शुरू करने की तैयारी
मेट्रो विस्तार को और आगे बढ़ाते हुए यूपीएमआरसी ने यह भी संकेत दिया है कि अगले कुछ महीनों में कानपुर सेंट्रल स्टेशन से नौबस्ता तक के रूट पर भी मेट्रो संचालन शुरू करने की तैयारी है। इस रूट पर नए स्टेशन तैयार किए जा रहे हैं, जिससे शहर के दक्षिणी इलाकों तक मेट्रो की पहुंच और मजबूत हो सकेगी।
फिलहाल कानपुर में आईआईटी से लेकर सेंट्रल स्टेशन तक मेट्रो का संचालन सफलतापूर्वक जारी है, जहां रोजाना हजारों यात्री इस आधुनिक परिवहन सेवा का लाभ उठा रहे हैं। आने वाले समय में जैसे-जैसे नेटवर्क का विस्तार होगा, कानपुर में मेट्रो यात्रा और भी अधिक व्यापक और सुविधाजनक होती जाएगी। यह प्रोजेक्ट न केवल शहर की ट्रैफिक समस्या को कम करेगा, बल्कि शहरी विकास को भी नई गति देगा।