कानपुरः घाटमपुर में भीषण अग्निकांड से किराना दुकान जलकर खाक, दम घुटने से दुकानदार की मौत, परिवार के कई लोग झुलसे

डिजिटल डेस्क- घाटमपुर के पोस्ट ऑफिस रोड पर गुरुवार तड़के एक दर्दनाक अग्निकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। एक किराना एजेंसी में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिसमें दुकानदार रामकिशन की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के करीब आधा दर्जन लोग झुलस गए। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, आग भोर के समय उस वक्त लगी जब परिवार के सभी सदस्य दुकान के ऊपर बने मकान में सो रहे थे। नीचे स्थित किराना दुकान से अचानक धुआं उठने लगा, जिसने कुछ ही देर में पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं का गुबार आसपास की दर्जनों दुकानों तक फैल गया, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।

छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया आग पर काबू

घर के अंदर से चीख-पुकार की आवाजें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि लोगों को समझ नहीं आ रहा था कि अंदर फंसे लोगों को कैसे बाहर निकाला जाए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन बड़ी और दो छोटी गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान राहत और बचाव कार्य भी लगातार जारी रहा। फंसे हुए परिवार के लोगों को बगल के मकान की छत के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिससे कई जिंदगियां बचाई जा सकीं। हालांकि, दुकानदार रामकिशन को नहीं बचाया जा सका। बताया जा रहा है कि आग और धुएं के बीच फंसने से उनका दम घुट गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस घटना ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है।

करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका

इस हादसे में झुलसे लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज जारी है। अग्निकांड में करोड़ों रुपये का सामान जलकर राख हो गया है। किराना एजेंसी में रखा स्टॉक पूरी तरह खाक हो गया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई और लोग इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध नजर आए। स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *