डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के संभल जिले के पवांसा ब्लॉक क्षेत्र में एक शादी समारोह उस वक्त अफरा-तफरी में बदल गया, जब खाने के बाद दूल्हे समेत 150 से ज्यादा लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। मामला गांव मिलक साकिन शोभापुर का है, जहां सोमवार रात बारात के दौरान फूड प्वाइजनिंग का बड़ा मामला सामने आया। जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी जुगेंद्र यादव की बेटी की शादी में गुन्नौर थाना क्षेत्र के गांव फत्तेहपुर से बारात आई थी। शादी में करीब डेढ़ सौ से ज्यादा बराती और घराती शामिल हुए थे। सभी ने नाश्ते के बाद रात में भोजन किया, लेकिन कुछ ही घंटों में खुशी का माहौल चीख-पुकार में बदल गया।
पहले बिगड़ी दूल्हे के पिता की तबीयत, देखते-देखते कई लोगों को होने लगी शिकायत
बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बजे, जब बारात चढ़ने की तैयारी चल रही थी, तभी दूल्हे मुलायम सिंह और उनके पिता मौकम सिंह यादव को अचानक उल्टी और दस्त शुरू हो गए। देखते ही देखते कई अन्य लोगों की भी तबीयत बिगड़ने लगी। एक के बाद एक लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार होते गए, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया। पीड़ितों के अनुसार, जिन लोगों ने रसगुल्ला, रसमलाई और लौकी की लौंज खाई थी, उनकी तबीयत ज्यादा खराब हुई। कई लोगों ने बताया कि लौंज का स्वाद ठीक नहीं था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने खाना खा लिया। आशंका जताई जा रही है कि यही खाना खराब होने के कारण इतने बड़े पैमाने पर लोग बीमार पड़े।
स्थिति बिगड़ने पर ग्रामीणों ने कराया भर्ती
स्थिति बिगड़ने पर ग्रामीणों ने तत्काल बीमार लोगों को आसपास के गांवों में स्थित निजी क्लीनिकों और झोलाछाप डॉक्टरों के यहां भर्ती कराया। ठाठी चंदनकटी, मौजा करीमपुर, घेर धुरैटा, पवांसा और सैमला जैसे गांवों में मरीजों का इलाज कराया गया। कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि कई की हालत गंभीर होने पर उन्हें ड्रिप लगाकर भर्ती करना पड़ा। हादसे के दौरान कई बराती, जो अपने निजी वाहनों से आए थे, तबीयत बिगड़ने के बावजूद रात में ही अपने गांव लौट गए। इससे स्थिति और भी अव्यवस्थित हो गई।