IPL 2026: MI से हार के बाद गेंदबाजी को लेकर क्या बोले शुभमन गिल?

KNEWS DESK- आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस को 99 रन से करारी शिकस्त दी। इस मुकाबले में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 199/5 का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जबकि गुजरात की पूरी टीम मात्र 100 रन पर सिमट गई। यह हार गुजरात के आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी हार मानी जा रही है।

तिलक वर्मा इस मैच के सबसे बड़े हीरो रहे, जिन्होंने नाबाद 101 रन की धमाकेदार पारी खेलकर मुंबई को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वहीं गेंदबाजी में अश्विनी कुमार ने 4/24 के शानदार आंकड़ों के साथ गुजरात की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

मैच के बाद गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने हार की जिम्मेदारी गेंदबाजों पर डाली। उन्होंने माना कि टीम मिडिल ओवर्स में काफी रन लुटा बैठी, जिससे मैच हाथ से निकल गया। गिल ने कहा कि उस पिच पर 160–170 रन का स्कोर ही पर्याप्त था, लेकिन उनकी टीम उसे भी रोक नहीं सकी।

गिल ने यह भी स्वीकार किया कि पिच थोड़ी स्लो थी, लेकिन गेंदबाज सही लेंथ पर गेंदबाजी करने में नाकाम रहे। उन्होंने कहा कि कुछ गेंदें रुककर आ रही थीं और कुछ तेज थीं, लेकिन टीम इसका सही फायदा नहीं उठा सकी।

गुजरात को पावरप्ले में कगिसो रबाडा ने शानदार शुरुआत दिलाई थी, जहां उन्होंने तीन अहम विकेट झटके थे। लेकिन इसके बाद गेंदबाज लय बनाए रखने में नाकाम रहे और मुंबई ने इसका पूरा फायदा उठाया।

मुंबई की ओर से गेंदबाजों का प्रदर्शन भी बेहतरीन रहा। मिचेल सैंटनर और एएम गजनफर ने भी अहम विकेट चटकाए और गुजरात की पारी को तेजी से समेट दिया।

गिल ने इसे एक सीख बताते हुए कहा कि यह सिर्फ एक छोटी सी चूक थी और टीम आने वाले मुकाबलों में वापसी करेगी। इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस को अंक तालिका में फायदा मिला है, जबकि गुजरात टाइटंस का नेट रन रेट प्रभावित हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *