300 यूनिट मिलेगी मुफ्त बिजली… 2027 के चुनाव से पहले अखिलेश यादव का बड़ा चुनावी दांव

समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने सोमवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बड़ा चुनावी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और खाद्य की कमी जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2027 में सपा की सरकार बनने पर 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली और महिलाओं को 40 हजार रुपये पेंशन देने का वादा भी किया है।

लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय में बुंदेलखंड समेत विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रदेश सरकार पर बिजली, स्वास्थ्य और महंगाई जैसे मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और खाद्य की कमी जैसी समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं का शोषण किया जा रहा है और बिजली बिलों में अनियमित बढ़ोतरी हो रही है। सपा मुखिया ने यह भी दावा किया कि स्मार्ट मीटर के जरिए हो रही कथित गड़बड़ियों को लेकर जनता में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में ठेके देने से पहले कंपनियों से एडवांस कमीशन लिया जाता है, जिसकी भरपाई आम उपभोक्ताओं से अधिक बिजली बिल वसूलकर की जा रही है।

साथ ही उन्होंने बीजेपी पर समाजवादियों को बदनाम करने का आरोप भी लगाया और कहा कि भ्रामक प्रचार के बावजूद जनता अब सच्चाई समझ चुकी है। अखिलेश यादव के अनुसार, प्रदेश की जनता महंगाई, भ्रष्टाचार और खराब कानून व्यवस्था से परेशान है और अब बदलाव चाहती है। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर स्थिति चिंताजनक है और जनता का भरोसा सरकार से पूरी तरह उठ चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *