डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के रामपुर के पास चलती ट्रेन में दिनदहाड़े हुई लूट की सनसनीखेज घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाशों ने गन प्वाइंट पर दो कर्मचारियों से करीब 7 लाख रुपये लूट लिए और हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। इस वारदात के बाद यूपी और उत्तराखंड की रेलवे पुलिस में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, मामला रुद्रपुर निवासी व्यापारी मंदीप सिंह से जुड़ा है, जिनकी स्पेयर पार्ट्स की दुकान सिंह कॉलोनी में है। उनके दो कर्मचारी रितिक मंडल और साहब सिंह करीब 7 लाख रुपये की नकदी लेकर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से दिल्ली जा रहे थे।
आनंदनगर से चढ़े बदमाश
बताया जा रहा है कि जैसे ही ट्रेन रुद्रपुर स्टेशन से करीब एक किलोमीटर पहले आनंदनगर इलाके के पास पहुंची, पहले से घात लगाए बैठे तीन बदमाश अचानक ट्रेन में चढ़ गए। उन्होंने दोनों कर्मचारियों को गन प्वाइंट पर ले लिया और उनके पास मौजूद पूरी नकदी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की, जिससे ट्रेन में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद जैसे ही ट्रेन की रफ्तार धीमी हुई, तीनों बदमाश चलती ट्रेन से कूदकर मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद पीड़ित कर्मचारियों ने व्यापारी मंदीप सिंह को सूचना दी, जिसके बाद मामले की जानकारी पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल को दी गई।
जीआरपी और आरपीएफ ने चलाया सघन कांबिंग ऑपरेशन
सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी (GRP) की टीमें सक्रिय हो गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ितों से पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही आसपास के जंगलों में सघन कांबिंग ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन फिलहाल बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका है। इस दौरान RPF के असिस्टेंट कमांडेंट मोहम्मद शारिक खान भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों के साथ बैठक कर जांच को तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।