डिजिटल डेस्क- भारतीय संगीत जगत की महान गायिका आशा भोसले अब अपने अंतिम सफर पर निकल चुकी हैं। उनके पार्थिव शरीर को मुंबई स्थित उनके निवास ‘कासा ग्रांडे’ से शिवाजी पार्क श्मशान घाट के लिए ले जाया गया है, जहां कुछ ही देर में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दौरान मुंबई की सड़कों पर भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा और हजारों लोग अपने प्रिय गायिका को अंतिम विदाई देने के लिए रास्तों पर नजर आए। सुबह से ही उनके घर के बाहर लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। आम प्रशंसकों से लेकर फिल्म और संगीत जगत की बड़ी हस्तियां तक, हर कोई ‘आशा ताई’ के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचा। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए सुबह उनके घर पर रखा गया था, जहां उन्हें तिरंगे में लपेटकर पूरे सम्मान के साथ सलामी दी गई। इस दौरान माहौल बेहद भावुक हो गया और कई लोगों की आंखें नम नजर आईं।

92 वर्ष की उम्र में हुआ निधन
रविवार को 92 वर्ष की आयु में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उनका निधन हो गया था। उनके जाने से भारतीय संगीत का एक स्वर्णिम अध्याय समाप्त हो गया है। करीब 82 वर्षों के अपने शानदार करियर में उन्होंने 20 से अधिक भाषाओं में हजारों गीत गाकर संगीत प्रेमियों के दिलों में अमिट छाप छोड़ी। उन्हें पद्म विभूषण समेत 100 से अधिक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। जैसे ही उनकी अंतिम यात्रा उनके घर से निकली, सड़कों पर बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। लोग हाथ जोड़कर, आंखों में आंसू लिए अपने चहेते कलाकार को आखिरी बार देख रहे थे। कई जगहों पर लोगों ने फूल बरसाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। यह दृश्य इस बात का प्रमाण था कि आशा भोसले सिर्फ एक कलाकार नहीं, बल्कि करोड़ों दिलों की धड़कन थीं।

तैयारियां पूरी, मौजूद है बड़ी हस्तियां
शिवाजी पार्क श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कुछ ही देर में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस दौरान कई बड़ी हस्तियां मौजूद हैं। अभिनेता आमिर खान, विक्की कौशल और संगीतकार अनु मलिक पहले ही श्मशान घाट पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर चुके हैं। सभी ने नम आंखों से इस महान गायिका को याद किया और उनके योगदान को सराहा।

सीएम फडणवीस ने भी दी श्रद्धांजलि
वहीं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे हैं। उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और आशा भोसले के योगदान को देश के लिए अमूल्य बताया। पूरे देश में इस समय शोक का माहौल है। सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक, हर जगह लोग उन्हें याद कर रहे हैं। उनकी आवाज, उनके गीत और उनका व्यक्तित्व हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेगा।