डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के लाखों छात्रों का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। UPMSP द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम जल्द घोषित किए जा सकते हैं। इस साल करीब 58 लाख छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए थे और अब सभी को अपने रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार है। बोर्ड से मिली जानकारी के अनुसार, कॉपियों की जांच प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और अब अंतिम चरण का काम तेजी से चल रहा है। रिजल्ट जारी करने से पहले बोर्ड टॉपर्स का वेरिफिकेशन करेगा और उनका इंटरव्यू भी लिया जाएगा। इसके बाद ही आधिकारिक तौर पर रिजल्ट की तारीख घोषित की जाएगी।
15 से 25 अप्रैल तक जारी हो सकता है रिजल्ट
सूत्रों के मुताबिक, यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं का रिजल्ट 15 से 25 अप्रैल 2026 के बीच जारी किया जा सकता है। हालांकि, अभी तक बोर्ड की ओर से कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें। अगर पिछले वर्षों के ट्रेंड पर नजर डालें, तो रिजल्ट आमतौर पर अप्रैल के अंत या मई की शुरुआत में जारी होता रहा है। साल 2024 में 20 अप्रैल को रिजल्ट घोषित किया गया था, जबकि 2023 में 25 मई और 2022 में 29 अप्रैल को नतीजे आए थे। वहीं, कोरोना काल के कारण 2021 में रिजल्ट जुलाई में जारी हुआ था। इन आंकड़ों को देखते हुए इस साल भी अप्रैल के तीसरे सप्ताह तक परिणाम आने की संभावना जताई जा रही है।
कैसे चेक करें यूपी बोर्ड रिजल्ट?
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं। इसके अलावा upresults.nic.in के जरिए भी रिजल्ट चेक किया जा सकता है। रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को अपना रोल नंबर दर्ज करना होगा। लॉगिन करते ही स्क्रीन पर उनका स्कोरकार्ड दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड और प्रिंट भी किया जा सकता है। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र अपनी मार्कशीट ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे, जबकि ओरिजिनल मार्कशीट स्कूलों के माध्यम से बाद में उपलब्ध कराई जाएगी। इस बार रिजल्ट को लेकर बोर्ड पूरी सतर्कता बरत रहा है, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी या विवाद से बचा जा सके। टॉपर्स के वेरिफिकेशन और इंटरव्यू प्रक्रिया को भी गंभीरता से लिया जा रहा है।